गया, सिविल लाइन। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सिविल लाइन सेवाकेंद्र में ब्रह्माकुमारी संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका एवं आध्यात्मिक जगत की महान विभूति परम आदरणीय दादी प्रकाशमणि जी का स्मृति दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया है।
इस कार्यक्रम के दौरान सेवाकेंद्र की संचालिका राजयोगिनी बीके शीला दीदी के साथ प्रख्यात चिकित्सक डॉ. बिनोद केसरी तथा डॉ. सुजय ने संयुक्त रूप से दादी प्रकाशमणि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।
इस अवसर पर बीके शीला दीदी ने दादी प्रकाशमणि जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दादी जी ने अपने सरल स्वभाव, प्रेम, शांति और आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने मानवता को आत्मिक जागृति, विश्व बंधुत्व तथा नैतिक मूल्यों का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
डॉ. बिनोद केसरी एवं डॉ. सुजय ने भी दादी प्रकाशमणि जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिखाए गए आध्यात्मिक मार्ग पर चलकर समाज में शांति, सद्भावना और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ किया जा सकता है।
इस कार्यक्रम में उपस्थित सैंकड़ो भाई-बहनों एवं श्रद्धालुओं ने विशेष योग में बैठकर दादी जी के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया है।
30