जातीय राजनीति से आगे बढ़कर बिहार, विकास और किसान होगे केन्द्र में – विजय सिन्हा
गया जी। बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह गया जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के कई नेता बिना संघर्ष के बड़े पदों पर पहुंच गए हैं और उन्हें समाज की जमीनी वास्तविकता की जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता की लालसा और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण समाज के ताने-बाने को कमजोर करने वालों से किसी विषय पर चर्चा का कोई औचित्य नहीं है। विजय सिन्हा ने कहा कि अब देश और प्रदेश को जाति, धर्म या लिंग के नाम पर बांटने की राजनीति नहीं चलनी चाहिए। समाज को जोड़ने का समय आ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बताए गए गरीब, युवा, महिला और किसान विकास की चार प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने कहा कि अब जाति का जहर नहीं, बल्कि जमात और विकास की बात होनी चाहिए तथा सबका साथ, सबका विकास की भावना से आगे बढ़ना चाहिए।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसान को सीधे खेत से बाजार तक जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। छोटे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए एफपीओ को मजबूत किया जा रहा है। कम पानी में बेहतर उत्पादन के लिए उन्नत बीज और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने 33 एकड़ में बिना नर्सरी तैयार किए सीधे धान की रोपनी के सफल प्रयोग का भी उल्लेख किया।
मंत्री ने कहा कि बीज, खाद या कृषि योजनाओं से संबंधित शिकायत प्रमाण के साथ मिलने पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई होगी। गड़बड़ी की सूचना पर कमेटी गठित कर जांच और छापेमारी की जाएगी। पंचायत से जिला और राज्य स्तर तक अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। छोटे किसानों और भूमिहीन श्रमिकों को एकीकृत खेती के माध्यम से योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिया जाएगा। सिंचाई के लिए मनरेगा समेत अन्य योजनाओं की राशि किसानों के हित में खर्च करने पर जोर दिया गया।
36