लुटुआ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, जमीन में दबा मिला 4-5 किलो का विस्फोटक

Live News 24x7
2 Min Read

Gayaji : लुटुआ थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों के सर्च ऑपरेशन के दौरान एक संभावित बड़े हमले की साजिश को नाकाम कर दिया गया। सिंघवा इलाके में शुक्रवार को जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया करीब 4 से 5 किलोग्राम वजन का आईईडी बरामद हुआ। बम निरोधक टीम ने इसे मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।

बताया गया कि डी/215 बटालियन सीआरपीएफ को इलाके में विस्फोटक छिपाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के निर्देश पर शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया।

सुरक्षाबलों की टीम कैंप नागोबार से गुलरियातरी होते हुए सिंघवा क्षेत्र में पहुंची। सर्च के दौरान मेटल डिटेक्टर से संदिग्ध संकेत मिलने पर जवानों ने इलाके को घेर लिया। इसके बाद सावधानी से जमीन की जांच और खुदाई की गई, जहां काले पॉलिथीन में लिपटा स्टील का कंटेनर बरामद हुआ।

जांच में कंटेनर के भीतर करीब 4 से 5 किलो का आईईडी होने की पुष्टि हुई। इसके बाद सीआरपीएफ की बम निरोधक एवं डिटेक्शन टीम (BDDS) को मौके पर बुलाया गया। टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटक को नियंत्रित तरीके से नष्ट कर दिया।

कार्रवाई के बाद आसपास के इलाके में दोबारा तलाशी अभियान चलाया गया, ताकि किसी अन्य संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की मौजूदगी की जांच की जा सके।

अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका है कि विस्फोटक को सुरक्षा बलों की आवाजाही को निशाना बनाने के उद्देश्य से छिपाया गया था। मामले की जांच जारी है और इलाके में सुरक्षाबलों की गश्त एवं निगरानी बढ़ा दी गई है। इंस्पेक्टर गौरव कुमार के नेतृत्व में अभियान के बाद भी क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।

29
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *