रक्सौल, पूर्वी चम्पारण | आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के गौरवशाली अवसर पर पूर्वी चम्पारण के रक्सौल में ‘अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री मदन सहनी, माननीय मंत्री, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के कर-कमलों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुआ। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन के उपरांत वन स्टॉप सेंटर रक्सौल का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा रिबन काटकर किया गया।
भव्य शुभारंभ एवं दीप प्रज्वलन:-
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ माननीय विधायक, रक्सौल विधानसभा, श्री प्रमोद सिंहा एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
पूरे कार्यक्रम का कुशल एवं सफल मंच संचालन जिला परियोजना प्रबंधक (WCDC), श्री वीरेंद्र राम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने वाले विशिष्ट अतिथि:
समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही:
श्री प्रमोद सिंहा, माननीय विधायक, रक्सौल विधानसभा क्षेत्र
श्री मनीष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), रक्सौल
श्री रजत मिश्रा,सहायक कमांडेंट, SSB 47वीं बटालियन, रक्सौल
श्रीमती स्वाति स्वपन उपाधीक्षक, अनुमंडल अस्पताल, रक्सौल
श्रीमती विनीता कुमारी जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) उपस्थित रहे।
उद्घाटन के पश्चात महिलाओं के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया।
माननीय विधायक, रक्सौल विधानसभा (श्री प्रमोद सिंहा) के द्वारा कहा गया कि
“आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रक्सौल को ‘वन स्टॉप सेंटर’ की सौगात मिलना हमारे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। यह केंद्र केवल एक भवन नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में महिलाओं के लिए ‘सुरक्षा कवच’ साबित होगा। हमारी सरकार का संकल्प है कि हर महिला सुरक्षित और आत्मनिर्भर महसूस करे। कार्यक्रम की अगली कड़ी के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), रक्सौल श्री मनीष कुमार के द्वारा बताया गया कि
“प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। इस वन स्टॉप सेंटर सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता, चिकित्सा और परामर्श एक ही छत के नीचे मिलेगा, जिससे उन्हें न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। हम इसे पूरी तत्परता से संचालित करने हेतु प्रतिबद्ध हैं। मौके पर उपस्थित सहायक कमांडेंट, SSB 47वीं बटालियन, रक्सौल के द्वारा बताया गया कि
”सीमावर्ती क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा एक महत्वपूर्ण विषय है। इस केंद्र के खुलने से एसएसबी और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय और बेहतर होगा, जिससे महिलाओं को विषम परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान की जा सकेगी। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी महिला एवं बाल विकास निगम श्रीमती विनीता कुमारी के द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति के तहत यह सेंटर राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का एक संगम है। हमारा उद्देश्य है कि रक्सौल की हर महिला जागरूक हो और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर समाज की मुख्यधारा में बराबरी से अपनी भूमिका निभाए।उपाधीक्षक, अनुमंडल अस्पताल, रक्सौल के द्वारा सभी महिलाओं को संदेश देते हुए कहा गया कि “एक स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव ‘स्वस्थ महिला’ है। आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर रक्सौल में ‘अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर’ का खुलना स्वास्थ्य विभाग और महिला सुरक्षा के बीच एक मजबूत कड़ी साबित होगा।
अक्सर संकट के समय महिलाओं को चिकित्सा सहायता और कानूनी परामर्श के लिए अलग-अलग जगहों पर भटकना पड़ता था, जिससे उनकी मानसिक और शारीरिक स्थिति पर बुरा असर पड़ता था। लेकिन अब, इस सेंटर के माध्यम से उन्हें तत्काल चिकित्सीय उपचार (Medical Aid), मनोवैज्ञानिक परामर्श (Counseling) और अन्य जरूरी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। हमारा अस्पताल प्रशासन इस केंद्र के साथ समन्वय बनाकर हर पीड़ित महिला को त्वरित और संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
समारोह का सफल समापन श्रीमती निधि कुमारी,जिला मिशन समन्वयक (DHEW) द्वारा दिए गए धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी आगंतुक अतिथियों, विभागीय पदाधिकारियों और विशेष रूप से दूर-दराज से आई महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि महिला एवं बाल विकास निगम महिलाओं के कल्याण हेतु पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।”कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक श्रीमती दीक्षा कुमारी, काउंसलर खुशबू कुमारी, केश वर्कर मीता कुमारी एवं सुनीता कुमारी के साथ महिला एवं बाल विकास निगम के सभी कर्मी निर्भय कुमार, शैलेश कुमार, रितेश कुमार, शशि प्रकाश यादव, ऋतिक राज एवं अमरेंद्र कुमार के द्वारा भाग लिया गया।
18