26 जनवरी गणतंत्र दिवस को लेकर एसडीएम सदर सह नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक

admin
5 Min Read

 

जिलाधिकारी पूर्वी चंपारण सौरभ जोरवाल के निर्देश के आलोक में साधारण मंडल पदाधिकारी नगर निगम मोतिहारी निशांत सिहारा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में गणतंत्र दिवस समारोह- 2026 के आयोजन को लेकर बैठक संपन्न हुई।

बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती ममता राय, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) शैलेंद्र कुमार भारती, सहायक समाहर्ता सुश्री प्रिया रानी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, संस्कृति कर्मी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

बैठक में सर्वसम्मति निर्णय लिया गया कि गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह मोतिहारी स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा जहां सुबह के 9:00 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर गांधी मैदान,गांधी उद्यान, समाहरणालय परिसर सहित सभी प्रमुख पथों की साफ सफाई का निर्देश नगर निगम मोतिहारी को दिया गया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने का निर्णय लिया गया इसके लिए नगर निगम मोतिहारी को इन प्रतिमाओं एवं प्रतिमा स्थल की साफ सफाई कराने का निर्देश दिया गया।

प्रत्येक प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए एक पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने एवं माल्यार्पण के लिए स्थानीय समितियां/ नागरिकों से वार्ता कर समय निर्धारित कर माल्यार्पण में भाग लेने का निर्देश दिया गया। गांधी जी से जुड़े स्थलों पर भी समारोह पूर्वक झंडोत्तोलन करने का निर्णय आज की बैठक में लिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि इसके लिए पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

मुख्य समारोह स्थल गांधी मैदान में मंच निर्माण, रंग रोगन एवं बैरिकेडिंग कराने का निर्देश कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल मोतिहारी को दिया गया। गणतंत्र दिवस समारोह का लाइव प्रदर्शन सोशल मीडिया,फेसबुक, वेव कास्ट के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया ताकि लोग गणतंत्र दिवस समारोह का दृश्यावलोकन कर सकें।

समारोह में आमंत्रित गणमान्य एवं महत्वपूर्ण व्यक्तियों के बैठने के टेंट/ पंडाल एवं आवश्यक मात्रा में कुर्सियों की व्यवस्था के लिए जिला नजारत शाखा को निर्देश दिया गया।

वही प्रेस प्रतिनिधियों, महिलाओं, महत्वपूर्ण व्यक्तियों एवं आमंत्रित अतिथियों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था कराई जाएगी। इस अवसर पर जिला के स्वतंत्रता सेनानियों को महात्मा गांधी से संबंधित मोमेंट, शॉल एवं पुष्प गूछ से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में झांकियों के प्रदर्शन का निर्णय लिया गया एवं निर्देश दिया गया कि विभागीय पदाधिकारी सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विकासात्मक कार्यों से संबंधित सुंदर झांकी का निर्माण कराएंगे जिसके माध्यम से आम लोगों को सामान्य जानकारी मिल सके। इसके लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी सदर मोतिहारी, निदेशक डीआरडीए, जिला परिवहन पदाधिकारी, आयुक्त नगर निगम,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी एवं महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पूर्वी चंपारण मोतिहारी को सदस्य नामित किया गया।

जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, जीविका,शिक्षा, उत्पाद, परिवहन, आपूर्ति, स्वास्थ्य, आईसीडीएस/ महिला विकास निगम एवं नगर निगम को झांकी निकालने संबंधी निर्देश दिया गया। बैठक में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर चयनित झाकियों को पुरस्कृत करने का भी निर्णय लिया।

इस अवसर पर मोतीहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में सांस्कृतिक संध्या के आयोजन का निर्णय लिया गया और उप विकास आयुक्त पूर्वी चंपारण की अध्यक्षता में सांस्कृतिक आयोजन समिति एवं चयन समिति गठित की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में समूह नृत्य,समूह गान, एकल गायन, एकल नृत्य, थीम आधारित नृत्य आयोजन किया जाएगा।

स्वच्छता से संबंधित लघु नाटिका एवं महात्मा गांधी के दर्शन पर आधारित गायन का आयोजन किया जा सकता है।जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित कराएंगे। प्रत्येक विद्यालय के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में मोमेंटो दिया जाएगा एवं अन्य सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र एवं मैडल से सम्मानित किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला के महादलित टोलों में टोले के बुजुर्ग महादलित व्यक्ति अथवा महिला से झंडोत्तोलन कराया जाएगा। इस अवसर पर प्रत्येक महादलित टोले में एक सरकारी पदाधिकारी उपस्थित होकर लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे।

71
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *