- मैच में जिला साइक्लिंग संघ की खिलाड़ियों ने किया कमाल, मैच में बिहार टीम रही ओवरआल चैंपियन, खेल प्राधिकरण के महानिदेशक ने किया पुरस्कृत
- सब जूनियर वर्ग में सृष्टि वन ने जीता गोल्ड, सिया ने सिल्वर, सुप्रिया ने ब्रॉन्ज मेडल, सृष्टि टू और शालिनी को बेस्ट राइडर के रूप में मोमेंटो प्रदान कर किया गया सम्मानित
अशोक वर्मा
मोतिहारी : पटना में हुए दो दिवसीय (14-15 अक्टूबर) खेलो इंडिया विमेंस ईस्ट जोन लीग मैच में जिला साइक्लिंग संघ की खिलाड़ियों ने एक गोल्ड सहित एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल जीता है. मैच में सब जूनियर वर्ग के मास स्टार्ट इवेंट में मोतिहारी के एमजेके गर्ल्स स्कूल की छात्रा सृष्टि कुमारी (वन) ने प्रथम स्थान पर रहते हुए गोल्ड, द्वितीय स्थान पर एमजेके गर्ल्स स्कूल की छात्रा सिया कुमारी ने सिल्वर और बेथल स्कूल की छात्रा सुप्रिया कुमारी ने तृतीय स्थान पर रहते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. जूनियर वर्ग के इंडिविजुअल टाइम ट्रायल इवेंट में एमजेके गर्ल्स स्कूल की छात्रा अप्पी कुमारी ने तृतीय स्थान पर रहते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता. मैच में अपने वर्ग में बेहतर टाइमिंग देने वाली एमजेके गर्ल्स स्कूल की छात्रा सृष्टि कुमारी (टू) और जीवन पब्लिक स्कूल की छात्रा शालिनी कुमारी को बेस्ट राइडर के रूप में मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया. बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया. टीम कोच के रूप में जिला साइक्लिंग संघ के सचिव सिद्धार्थ वर्मा और मैनेजर के रूप में संघ के संयुक्त सचिव अशोक मेहरा थे. सचिव सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि ईस्ट जोन के इस मैच में पश्चिम बंगाल, असम, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, झारखण्ड व बिहार टीम ने भाग लिया. कहा कि मैच में जिले के खिलाड़ियों ने गजब की खेल प्रतिभा दिखाई और अपने खेल प्रदर्शन से सभी को अचंभित किया. बिहार टीम के ओवरआल चैंपियन बनने में मोतिहारी की खिलाड़ियों की उपलब्धि महत्वपूर्ण रही. सभी खिलाड़ी पटना से बीती रात्रि मोतिहारी लौटे. जिला साइक्लिंग संघ के अध्यक्ष डॉक्टर अतुल कुमार ने कहा कि जिले की खिलाड़ियों ने एक बार फिर से अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है. खेलो इंडिया के ईस्ट जोन के मैच में चार मेडल जितना खिलाड़ियों की मेहनत को दर्शा दे रहा है. संघ के मुख्य संरक्षक रणवीर सिंह ने खेलो इंडिया के मैच में जिले की खिलाड़ियों की सफलता पर सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की जबरदस्त मेहनत के बदौलत साइक्लिंग गेम तेजी से मजबूती की दिशा में अग्रसर है. आने वाला समय बेहतरीन खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण स्थान दिलाएगा. संघ के संरक्षक, एसएनएस विद्यापीठ के चेयरमैन व जिले के प्रसिद्ध शिक्षाविद आलोक शर्मा ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर से अपनी प्रतिभा को स्थापित किया है. मैच में कई राज्यों से पहुंची खिलाड़ियों को टक्कर देते हुए मेडल अपने नाम कर बिहार साइक्लिंग को मजबूत किया है. मैच में सफलता हासिल करने पर जिला साइक्लिंग संघ के सभी सदस्यों व खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए सफलता के सिलसिले को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहवर्धन किया है.
104