स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, निर्धारित समय पर लक्ष्य करें पूरा: डीएम

Live News 24x7
3 Min Read
सीतामढ़ी। जिले में आमजन को सुलभ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी (डीएम) तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की अद्यतन प्रगति की गहन समीक्षा की गई और क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों को दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि समीक्षा में सामने आई कमियों और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर जवाबदेही तय की जाए।
सुरक्षित प्रसव, पल्स पोलियो और फाइलेरिया उन्मूलन पर विशेष जोर
बैठक के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा संस्थागत प्रसव की स्थिति की समीक्षा करते हुए डीएम ने कम संस्थागत प्रसव वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीकरण, नियमित एएनसी जांच और उच्च जोखिम वाली महिलाओं की पहचान कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, आगामी पल्स पोलियो अभियान की माइक्रोप्लानिंग पर चर्चा करते हुए घर-घर जाकर शत-प्रतिशत बच्चों को खुराक पिलाने पर बल दिया गया। फाइलेरिया नियंत्रण के तहत रात्रि रक्त पट्ट संग्रहण और आगामी सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी में लाभार्थियों को दवा खिलाने का निर्देश दिया गया।
अस्पतालों में स्वच्छता, गुणवत्ता मानक और डिजिटल ट्रैकिंग अनिवार्य:
स्वास्थ्य संस्थानों के कायाकल्प और राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक की समीक्षा करते हुए डीएम ने अस्पताल परिसरों में साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण और बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन को निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त करने को कहा। डिजिटल निगरानी को सुदृढ़ करने के लिए ‘एम आशा’ और ‘ आर सी एच  2.0 (जननी)’ पोर्टल पर डेटा की शुद्धता व समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रखंड स्तर पर बीएचएम , बीसीएम और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को इन प्रविष्टियों की नियमित निगरानी करने को कहा गया।
अंतरविभागीय समन्वय से सफल होंगे स्वास्थ्य कार्यक्रम:
डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सफलता के लिए प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, जीविका और आईसीडीएस के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। सामुदायिक जागरूकता और लाभार्थियों की सही पहचान के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्वेता भारती, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन डॉ. आर. के. यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, डीपीएम विजय झा, संतोष कुमार (डीएम एंड ई), डीपीसी दिनेश कुमार, प्रतीक यादव, पीरामल फाउंडेशन के जिला प्रबंधक प्रभाकर कुमार, कार्यक्रम लीडर रोहित सिंह सहित सभी प्रखंडों के बीडीओ, जीविका डीपीएम, आईसीडीएस डीपीओ, सीडीपीओ, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
21
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *