बहनों ने तिलक लगाकर भाइयों की लंबी उम्र की मांगी दुआ, भाइयों ने उपहार देकर जीवनभर साथ निभाने का लिया संकल्प
गयाजी। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, स्नेह और समर्पण का प्रतीक पावन पर्व भैया दूज गया शहर में पारंपरिक उत्साह, हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में उत्सवी माहौल देखने को मिला है। बहनों ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाल जीवन की मंगलकामना की है। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार और मिठाइयां भेंट कर उनके प्रति अपना प्यार जताया तथा जीवन के हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का संकल्प लिया है।
भैया दूज के मौके पर घर-घर में भाई-बहन के रिश्ते की खूबसूरती देखने को मिली। कहीं बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाती नजर आईं तो कहीं भाई अपनी बहनों को उपहार देकर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरते दिखे। इस दौरान परिवार के सदस्यों में भी खासा उत्साह रहा। पर्व ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भाई-बहन का रिश्ता केवल खून का संबंध नहीं, बल्कि विश्वास, त्याग, जिम्मेदारी और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने की मजबूत डोर है।
तिलक के साथ मांगी भाई की लंबी उम्र की दुआ
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भैया दूज का पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इसे यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और मंगलमय जीवन की कामना करती हैं। मान्यता है कि इस दिन बहन के घर जाकर भोजन करने और बहन का आशीर्वाद लेने से भाई के जीवन में सुख-समृद्धि आती है। यही वजह है कि इस पर्व का भारतीय परिवारों में विशेष महत्व है।
परिवार की एकता और संस्कारों का संदेश देता है पर्व
भैया दूज भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और अधिक मजबूत बनाने वाला त्योहार है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान और पारिवारिक एकता का संदेश देता है। बहनें अपने भाइयों की खुशहाली और लंबी उम्र के लिए पूजा करती हैं, जबकि भाई अपनी बहनों के प्रति स्नेह और जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के रिश्ते को बेहद खास स्थान दिया गया है। समय बदलने के साथ त्योहार मनाने के तौर-तरीकों में बदलाव जरूर आया है, लेकिन इस रिश्ते की आत्मीयता और भावनाओं में कोई कमी नहीं आई है। भैया दूज ऐसा पर्व है, जो व्यस्त जिंदगी में भी भाई-बहनों को एक-दूसरे के करीब आने और पुरानी यादों को ताजा करने का अवसर प्रदान करता है।
रिश्तों में मिठास घोलता है भैया दूज
उन्होंने कहा कि त्योहारों का वास्तविक उद्देश्य केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करना नहीं, बल्कि परिवार और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं एकजुटता को बढ़ावा देना भी है। भैया दूज इसी भावना को मजबूत करता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनके जीवन में खुशियों की कामना करती हैं, वहीं भाई भी बहनों के सम्मान, सुरक्षा और खुशियों का ख्याल रखने का भरोसा देते हैं।
भाई-बहन का रिश्ता उम्रभर का रिश्ता होता है। बचपन की नोकझोंक से लेकर जीवन के कठिन समय तक दोनों एक-दूसरे के सबसे बड़े सहयोगी बने रहते हैं। भैया दूज का पर्व इसी अटूट संबंध को उत्सव के रूप में मनाने का अवसर है।
सभी भाई-बहनों को भैया दूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हर परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए। साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पारिवारिक संस्कारों से जोड़ने का माध्यम बने। गया शहर में उल्लासपूर्ण माहौल के बीच मनाए गए इस पर्व ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भाई-बहन का प्रेम समय और दूरी से कभी कम नहीं होता। माथे का तिलक और बहन की दुआ इस रिश्ते की सबसे अनमोल पहचान है।
21