बिहार में IAS अधिकारियों के विभागों में बदलाव, सी.के. अनिल बने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव; कई अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी

Live News 24x7
3 Min Read

पटना: बिहार में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार ने एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी नई अधिसूचना में कई वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले के साथ-साथ कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव के तहत शिक्षा, कृषि, गृह और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े अधिकारियों की जिम्मेदारियों में संशोधन किया गया है।

जारी सरकारी आदेश के मुताबिक, 1991 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी सी.के. अनिल को बिहार राज्य योजना परिषद, पटना के परामर्शदाता पद से स्थानांतरित करते हुए शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें अगले आदेश तक इस पद पर कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, 1995 बैच के IAS अधिकारी अरविन्द कुमार चौधरी, जो वर्तमान में मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं, उनके कार्यभार में एक और जिम्मेदारी जोड़ी गई है। अब वे कृषि विभाग के कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। इससे पहले उनके पास बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद के परीक्षा नियंत्रक और बिपार्ड के महानिदेशक का अतिरिक्त दायित्व भी है।

इसी क्रम में 1997 बैच के IAS अधिकारी पंकज कुमार को अतिरिक्त प्रभार से राहत दी गई है। गृह विभाग के प्रधान सचिव के साथ सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे पंकज कुमार अब जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में नहीं रहेंगे।

इसके अलावा 2014 बैच के IAS अधिकारी अमित कुमार पांडेय को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्तमान में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में अपर सचिव के पद पर कार्यरत अमित कुमार पांडेय अब कृषि विभाग के अपर सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना

इन प्रशासनिक बदलावों से संबंधित अधिसूचना राज्यपाल के आदेश से जारी की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग के विशेष सचिव संजय कुमार के हस्ताक्षर से जारी आदेश में सभी अधिकारियों की नई पदस्थापना और अतिरिक्त जिम्मेदारियों का उल्लेख किया गया है।

सरकार के इस फैसले को राज्य के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। खासकर शिक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद आने वाले दिनों में प्रशासनिक कार्यों पर इसका असर देखने को मिल सकता है।

26
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *