जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सुगौली के सुगांव अंबेडकर आवासीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, छात्रों से लिया सीधा फीडबैक

Live News 24x7
3 Min Read
मोतिहारी (पूर्वी चम्पारण) | जिलाधिकारी  सौरभ सुमन यादव द्वारा आज डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय, सुगाँव का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वर्गवार कक्षाओं में जाकर सीधे छात्रों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना।
छात्राओं ने बताई मेस, पोशाक और पढ़ाई से जुड़ी समस्याएं
बातचीत के दौरान छात्रों ने शिकायत की कि जीविका द्वारा संचालित मेस एवं साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ नहीं है। साथ ही आपूर्ति की गई पोशाक की गुणवत्ता खराब है और वह साइज के अनुरूप नहीं है। छात्रों ने विज्ञान, गणित और हिंदी के शिक्षकों की कमी, प्रयोगशाला का नियमित संचालन न होने तथा त्रैमासिक परीक्षा का परिणाम न बताए जाने की बात भी प्रमुखता से रखी।
एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान का अल्टीमेटम
जिलाधिकारी ने छात्रों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं को एक सप्ताह के भीतर हल करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे जिला शिक्षा पदाधिकारी से समन्वय बनाकर जल्द से जल्द विषयवार शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें। जब तक शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होती, तब तक बिहार बोर्ड का ऑनलाइन कोर्स, पुस्तकें, खेल सामग्री, संगीत उपकरण और जनरेटर की सुविधा तत्काल बहाल करने के आदेश दिए गए।
मेधावी छात्रों को मिला पुरस्कार
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा 8 के छात्रों से गणित विषय के प्रश्न पूछे। सही और संतोषप्रद जवाब देने पर कक्षा 8 के छात्र पवन कुमार, संजीव कुमार एवं रूपेश कुमार को जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
मेस व्यवस्था सुधारने की चेतावनी
जीविका मेस की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने स्वयं छात्रों के साथ बैठकर अल्पाहार किया। उन्होंने जीविका प्रबंधन को मेनू के अनुसार स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का कड़ा निर्देश दिया। इसके अलावा, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर मोतिहारी), प्रखंड विकास पदाधिकारी (सुगौली) और थानाध्यक्ष (सुगौली) को विद्यालय का नियमित निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय, सदर एसडीओ अरूण कुमार, एसडीपीओ (सदर-1) दिलीप कुमार, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक, सुगौली बीडीओ नूतन किरण, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सह विद्यालय प्रबंधक रंजीत कुमार, प्रधानाध्यापक पंकज कुमार सहित सभी शिक्षक व छात्र उपस्थित रहे।
15
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *