पटना। मंत्री, नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार नीतीश मिश्रा ने आज विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में अभियंत्रण कोषांग की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग अंतर्गत संचालित अभियंत्रण से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं पर वरीय अधिकारियों के साथ गहण मंत्रणा की। इस अवसर पर विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान माननीय मंत्री ने विभागीय कार्यों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी एक माह की स्पष्ट एवं लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं एवं परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा कार्यों की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित अवधि पर प्रस्तुत की जाए, ताकि योजनाओं के निष्पादन में पारदर्शिता एवं गति बनी रहे।
श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय कार्यों को मिशन मोड में संचालित किया जाए तथा सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने पर बल देते हुए कहा कि निविदा से संबंधित किसी भी कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाते हुए न्यूनतम समय में कार्य पूर्ण करने की दिशा में प्रभावी पहल की जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य के शहरी क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने के लिए अभियंत्रण कार्यों का समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है। विभागीय अधिकारी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक शीघ्र पहुंच सके।
बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, अपर सचिव मनोज कुमार, अभियंता प्रमुख सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारीगण भी उपस्थित थे।
24
