सीतामढ़ी। क्षेत्रीय अपर निदेशक, स्वास्थ्य विभाग, तिरहुत प्रमंडल, डा अजय कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को सदर अस्पताल सभागार में जिले के स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से मस्तिष्क ज्वर (एईएस) की रोकथाम, उपचार एवं उससे संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई।
जनजागरूकता और त्वरित उपचार पर जोर: बैठक में सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को नियमित रूप से संध्या चौपाल आयोजित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका समूहों, पंचायती राज प्रतिनिधियों एवं विद्यालय के छात्रों के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि मस्तिष्क ज्वर के लक्षणों, बचाव एवं समय पर उपचार की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। सभी प्रखंडों में मॉक ड्रिल कराने का निर्देश: बैठक में एम्बुलेंस सुविधा को सुदृढ़ रखने तथा मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
सभी प्रखंडों को मॉक ड्रिल आयोजित कर स्वास्थ्यकर्मियों को आपात स्थिति के लिए तैयार रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान दर्पण एप पर उपस्थिति अनिवार्य करने की बात कही गई, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके। जिले में अब तक एक मरीज की पुष्टि: सिविल सर्जन डा अखिलेश कुमार एवं जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ रविन्द्र कुमार यादव ने मस्तिष्क ज्वर से निपटने की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक जिले में रून्नीसैदपुर प्रखंड से मात्र एक मरीज प्रतिवेदित हुआ है। बैठक में जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार सिन्हा, प्रभारी संचारी रोग पदाधिकारी डॉ जेड जावेद, प्रभारी उपाधीक्षक डॉ मुकेश कुमार, डीपीएम असीत रंजन, डीपीसी दिनेश कुमार, डीएम एंड ई संतोष कुमार सहित सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे।
16
