समस्तीपुर : विभूतिपुर थाना क्षेत्र में हथियार के साथ नर्तकी के डांस करने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो सांखमोहन गांव का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि किसी जन्मदिन समारोह के मौके पर स्टेज प्रोग्राम आयोजित किया गया है, जिसमें एक नर्तकी डांस कर रही है। स्टेज के पास 5 से 7 युवक भी मौजूद दिख रहे हैं। इसी दौरान एक युवक अपने हाथ में पिस्तौल लेकर नर्तकी को देता नजर आ रहा है। इसके बाद नर्तकी पिस्तौल हाथ में लेकर डांस करने लगती है। वीडियो में मौजूद लोग हंसी-मजाक करते और कार्यक्रम का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं। हथियार के साथ डांस का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
11
