बिहार में हो रही थी LPG की कालाबाजारी, पुलिस ने सिलेंडर के साथ दो को किया गिरफ्तार

Live News 24x7
4 Min Read

खबर बिहार के रोहतास जिले से है जहां रोहतास जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार (11 मार्च, 2026) को सासाराम शहर के जक्की शहीद मोहल्ले में छापेमारी कर 10 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए। इस दौरान मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार, सरकार की ओर से पहले ही सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि किसी भी हाल में एलपीजी गैस की ब्लैक मार्केटिंग नहीं होनी चाहिए। बावजूद इसके कई जगहों से कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए रोहतास जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सासाराम के जक्की शहीद मोहल्ले में छापेमारी की।

यह कार्रवाई सासाराम की एसडीएम नेहा कुमारी के नेतृत्व में की गई। खाद्य आपूर्ति विभाग और नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को अचानक मोहल्ले में दबिश दी। छापेमारी के दौरान एक घर से 10 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें अवैध रूप से भंडारित कर रखा गया था। प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि इन सिलेंडरों को ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही थी।

प्रशासन की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और सिलेंडरों के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ उपभोक्ताओं के नाम पर गैस सिलेंडर उठाकर उन्हें एक जगह इकट्ठा किया जा रहा था। टीम को छापेमारी के दौरान कुछ उपभोक्ताओं के पासबुक भी मिले हैं। इससे यह शक गहरा गया है कि कई लोगों के नाम पर गैस सिलेंडर लेकर उन्हें अवैध तरीके से जमा किया जा रहा था, ताकि बाद में उनकी कालाबाजारी की जा सके।

छापेमारी के दौरान प्रशासन ने सभी 10 सिलेंडरों को जब्त कर लिया। साथ ही मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी।

अचानक हुई इस कार्रवाई से जक्की शहीद मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते आसपास के लोग बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए। कई स्थानीय लोगों ने गैस की कालाबाजारी को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि कालाबाजारी की वजह से आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पाता है और उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

इस मामले में एसडीएम नेहा कुमारी ने बताया कि प्रशासन को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर उनकी कालाबाजारी कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर टीम का गठन कर छापेमारी की गई, जिसमें 10 गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर कालाबाजारी करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन का कहना है कि आगे भी ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जाएगी और जहां भी कालाबाजारी की शिकायत मिलेगी, वहां तत्काल छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

119
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *