गया में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते बीडीओ गिरफ्तार

Live News 24x7
2 Min Read
गया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी विभाग की टीम ने बीडीओ को ₹50,000 की रिश्वत लेते समय पकड़ा। यह कार्रवाई जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, नगर प्रखंड की प्रमुख सुचिता रंजीनी ने निगरानी विभाग से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बीडीओ राकेश कुमार ने प्रखंड में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं को पास कराने और भुगतान से संबंधित कार्यों में सहयोग के बदले ₹1,00,000 की रिश्वत की मांग की थी। लगातार दबाव बनाए जाने के बाद प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी ने इसकी सूचना निगरानी विभाग को दी है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निगरानी विभाग ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। तय रणनीति के अनुसार जैसे ही बीडीओ ने ₹50,000 की पहली किस्त स्वीकार की, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी बीडीओ से पूछताछ की गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए निगरानी विभाग के कार्यालय ले जाया गया है।
इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं, स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने निगरानी विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है। विभागीय सूत्रों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
28
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *