–पूर्वी चंपारण की पुलिस 100 वांछित आरोपियों को नहीं कर सकी गिरफ्तार तो एसपी स्वर्ण प्रभात ने फरार वांछित आरोपियों पर किया है इनाम की घोषणा, दिया है 10 दिनों की मोहलत
-राजद नेता और मोतिहारी विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी रहे देवा गुप्ता पर गिरफ्तारी के लिए एक लाख का इनाम घोषित
मोतिहारी , नरेंद्र झा। पूर्वी चंपारण की पुलिस सौ से अधिक वांछित आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।इसको लेकर डीआईजी हर किशोर राय ने एसपी मोतिहारी को कारगर कार्रवाई करने एवं इनपर इनाम घोषित करने की मंजूरी दे दी है। वैसे वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए आठ लाख से अधिक राशि इनाम के लिए घोषित की गई है। इनमें सबसे अधिक इनाम की राशि राजद नेता और मोतिहारी से राजद के उम्मीदवार मेयर पति देवा गुप्ता पर रखी गई है। देवा गुप्ता पर गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपए का इनाम रखा गया है। हालांकि चुनाव के समय जब देवा गुप्ता नामांकन किया या फिर चुनाव के दौरान जब वह प्रचार कर रहे थे तो उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई या पकड़े नहीं गए,इसकी चर्चा हो रही है।
डीआईजी हर किशोर राय के निर्देश के बाद जिले में अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की योजना तैयार की है। जिला अंतर्गत लूट, डकैती, हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, शराब माफिया एवं भू-माफिया जैसे गंभीर मामलों में वांछित कुल 100 अपराधियों के विरुद्ध इनाम घोषित किया गया है।पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस उप-महानिरीक्षक, चंपारण प्रक्षेत्र, बेतिया द्वारा अनुमंडल वार सूची भेजे जाने के बाद इन वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु इनाम की घोषणा की गई है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी जिले के विभिन्न कांडों में फरार चल रहे कुल 378 अपराधियों के विरुद्ध पुरस्कार घोषित किया जा चुका है।
*10 दिनों के भीतर आत्मसमर्पण का अल्टीमेटम*
पुलिस प्रशासन ने सभी वांछित अपराधियों को 10 दिनों के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय सीमा में आत्मसमर्पण नहीं करने की स्थिति में न्यायालय से आदेश प्राप्त कर अपराधियों की संपत्ति कुर्क की जाएगी।
124