पटना में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने दिये लेटर

Live News 24x7
2 Min Read

बिहार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने आज सिंचाई भवन, पटना स्थित जल संसाधन विभाग के सभागार में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में भाग लिया. इस दौरान उन्होंने एक नवनियुक्त सहायक अभियंता और अनुकम्पा के आधार पर चयनित 32 कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ. जिसके बाद अपर सचिव के.डी. प्रौज्वल ने सभी अधिकारियों, नवनियुक्त कर्मियों का स्वागत किया.

आज वितरित किए गए कुल 33 नियुक्ति पत्रों में एक नवनियुक्त सहायक अभियंता के अतिरिक्त अनुकम्पा के आधार पर नियुक्त 32 कर्मी शामिल हैं, जिनमें 18 निम्नवर्गीय लिपिक, 9 कार्यालय परिचारी तथा 5 पदचर/आदेशपाल/चौकीदार सम्मिलित हैं. मंत्री विजय कुमार चौधरी ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं.

उन्होंने कहा कि विभाग ने आप पर भरोसा जताया है और आपके जीवन में नई शुरुआत का अवसर दिया है, आप भी अपेक्षाओं पर खरे उतरें. उन्होंने यह भी कहा कि नियुक्ति संबंधी मामलों के निष्पादन में विभाग ने गति लाई है, जो सराहनीय है.

इस मौके पर विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने भी नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन उन सभी के जीवन में एक नई शुरुआत का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि 32 साथियों के असामयिक निधन के बाद आज उनके परिजनों को जो अवसर मिला है, वह बड़ी जिम्मेदारी है और उम्मीद है कि सभी नवनियुक्त कर्मी पूर्ण निष्ठा से विभाग की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे.

उन्होंने यह भी कहा कि जिनके स्थान पर आप आए हैं, उनकी जिम्मेदारी और उनकी स्मृति को सम्मानपूर्वक आगे बढ़ाना आप सभी का कर्तव्य है. कार्यक्रम के अंत में अभियंता प्रमुख (बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण) वरुण कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया. कार्यक्रम में अभियंता प्रमुख (मुख्यालय) ब्रजेश मोहन, संयुक्त सचिव अजय कुमार सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

 

52
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *