मतगणना की तैयारियाँ पूरी, जिला प्रशासन ने की अधिकारियों के साथ बैठक, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतगणना को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश

admin
3 Min Read

14 नवम्बर को होगी मतगणना, सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय व्यवस्था
मतगणना केंद्र पर बिना प्रवेश पत्र(पास) के अनाधिकृत प्रवेश वर्जित

Live News 24×7 के लिए मोतिहारी से कैलाश गुप्ता।

मोतिहारी। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के अवसर पर मतगणना कार्य को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इसी क्रम में आज पूर्वी चंपारण समाहरणालय मोतिहारी स्थित डॉ राजेंद्र प्रसाद सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री स्वर्ण प्रभात के द्वारा मतगणना केंद्र के आस पास प्रतिनियुक्ति सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को विस्तृत ब्रीफिंग दी गई।

ब्रीफिंग के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतगणना कार्य निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील चरण है, इसलिए सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतगणना स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी।

उन्होंने आगे बताया कि मतगणना प्रक्रिया 14 नवम्बर 2025 (शुक्रवार) को निर्धारित है और इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां जैसे—स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, CCTV कैमरों की निगरानी, मतगणना टेबल की व्यवस्था, बिजली एवं संचार व्यवस्था, मीडिया सेंटर, तथा पार्किंग की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतगणना पर्यवेक्षकों, सहायक अधिकारियों तथा टेबल सुपरवाइजर्स को मतगणना के प्रत्येक चरण की प्रक्रिया, EVM और VVPAT की गिनती से संबंधित दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शंका की स्थिति में तत्क्षण वरीय पदाधिकारी को सूचित किया जाए ताकि प्रक्रिया निर्बाध रूप से आगे बढ़ सके।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा से संबंधित बिंदुओं पर विशेष जोर दिया और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि मतगणना स्थल के भीतर और बाहर सुरक्षा की तीन स्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि मतगणना कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांति के साथ सम्पन्न हो और परिणाम समय पर घोषित किए जा सकें।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा आज दोनों मतगणना केंद्र का गहन निरीक्षण किया गया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया एम एस कॉलेज मोतीहारी मतगणना केंद्र के संपूर्ण प्रभार में अपर समाहर्ता पूर्वी चंपारण मोतिहारी मुकेश कुमार सिंहा एवं छतौनी स्थित डाइट मतगणना केंद्र के संपूर्ण प्रभार में एडीएम pgro शैलेंद्र कुमार भारती को बनाया गया है।

67
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *