बिहार विधानसभा चुनाव के बीच किशनगंज में पार्टी जनसभा को संबोधित करने के दौरान जनसुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा है. उन्होंने ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा कि ओवैसी को बिहार पर ध्यान देने के बजाए हैदराबाद को देखना चाहिए.
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि ओवैसी उनके मित्र हैं, लेकिन उन्हें पहले हैदराबाद में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि वे पहले हैदराबाद संभालें और हैदराबाद में अपना किला संभाले, बेमतलब पूर्वांचल में आकर और कंफ्यूजन पैदा ना करें. उनके इस कदम से किसी का कोई भला नहीं होने वाला है.
जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने चुनाव आयोग द्वारा 12 राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दूसरे चरण की घोषणा पर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा, SIR बिहार में भी हुआ था, लेकिन उससे क्या हुआ? किसी का नाम नहीं कटा. बस कुछ लोगों को थोड़ी परेशानी हुई. अब चुनाव आयोग 12 राज्यों में लोगों को परेशान करेगा. बेवजह SIR प्रक्रिया चलाई जा रही है, इसका कोई भी रिजल्ट नहीं निकलने वाला.
जनसुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, भाजपा वाले कितना भी जोर लगा लें, लेकिन जब जनता आपके खिलाफ हो जाएगी, तो आप SIR कीजिए या FIR कुछ फर्क नहीं पड़ेगा. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब एनडीए सरकार नहीं चाहती है. अब उसे वो सरकार चाहिए जो उनके सपनों को पूरा कर सके और उन्हें अपने राज्य में ही रोजगार मिल सके. प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है और यह इस बार होकर रहेगा, चाहे एनडीए कितना भी जोर लगा ले.
72
