अनूप नारायण सिंह।
तरैया (सारण)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों में जहां सभी राजनीतिक दल अपने-अपने पत्ते खोलने में जुटे हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तरैया सीट पर एक नए और सशक्त चेहरे को उतारने पर गंभीरता से विचार कर रही है। पार्टी के सूत्रों के अनुसार, भाजपा के महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश प्रवक्ता और छपरा जिला परिषद की उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह का नाम तरैया विधानसभा क्षेत्र से प्रबल दावेदार के रूप में चर्चा में है।
प्रियंका सिंह का गृहक्षेत्र स्वयं तरैया है, और यही वजह है कि स्थानीय स्तर पर उनकी स्वीकार्यता और पकड़ मजबूत मानी जा रही है। राजनीति में सक्रिय रहते हुए उन्होंने संगठनात्मक और सामाजिक दोनों स्तरों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। महिलाओं की आधी आबादी के प्रतिनिधि चेहरे के रूप में प्रियंका सिंह की छवि लगातार उभर रही है।
पार्टी के जानकारों का मानना है कि भाजपा नेतृत्व तरैया सीट को महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ पेश करना चाहता है। ऐसे में प्रियंका सिंह का नाम क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरण गढ़ सकता है। स्थानीय जनता के बीच उनकी पहचान जुझारू, शिक्षित और सक्रिय महिला नेता के रूप में है।
2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी प्रियंका सिंह ने क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों के लिए मजबूती से प्रचार किया था, जिससे संगठन के भीतर उनका कद और बढ़ा है। महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का काम किया, जिससे उन्हें तरैया समेत आस-पास के क्षेत्रों में लोकप्रियता मिली है।
भाजपा संगठन अब यह आकलन कर रहा है कि क्या प्रियंका सिंह को मैदान में उतारकर न केवल तरैया में बल्कि पूरे सारण प्रमंडल में महिला मतदाताओं को एकजुट करने का बड़ा राजनीतिक संदेश दिया जा सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यदि भाजपा प्रियंका सिंह को तरैया से उम्मीदवार बनाती है तो मुकाबला दिलचस्प हो सकता है, क्योंकि पहली बार यह सीट महिला नेतृत्व के लिए नई दिशा तय करेगी।
69
