बिहार के वैशाली जिले के चांदपुरा थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. एक ही परिवार के तीन लोगों की कुएं में डूबने और दम घुटने से मौत हो गई है. इस घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया है. मृतकों की पहचान 50 वर्षीय बिंदेश्वर राय, उनके भतीजे 25 वर्षीय विकास कुमार और 21 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है.
घटना उस समय हुई जब बिंदेश्वर राय खेत में काम करने के बाद घर के पास कुएं पर बनी चचरी पर आराम करने बैठे थे. अचानक चचरी टूटने से वह कुएं में गिर गए. उन्हें बचाने के लिए उनके दो भतीजे, विकास कुमार और रोहित कुमार रस्सी के सहारे कुएं में उतर गए. हालांकि कुएं में मौजूद जहरीली गैस के कारण तीनों का दम घुट गया और मौत हो गई.
स्थानीय लोगों ने बताया कि 40 साल पुराने इस कुएं की 15 सालों से सफाई नहीं हुई थी, जिससे गैस की दुर्गंध निकल रही थी. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को कुएं से बाहर निकाला. घटना की जानकारी मिलते ही चांदपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. हादसे के बाद से गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
“कुएं के ऊपर बने चचरी पर बिंदेश्वर राय लेटे थे और वो वहां से कुएं के अंदर गिर गये. उन्हें बचाने के लिए उनके दो भतीजे विकास कुमार और रोहित कुमार कुएं में कूद गए लेकिन कोई नहीं बच सका और तीनों की दम घुटने से मौत हो गई.”-मृतक के परिजन
देसरी अंचल अधिकारी ने बताया कि डॉक्टर की रिपोर्ट आने के बाद मृतकों के परिजनों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा. पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं. इस घटना ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है. स्थानीय लोग कुएं की जहरीली गैस को इस घटना का मुख्य कारण मान रहे हैं.
“सभी खेत में काम कर घर लौटे थे और आराम करने के लिए कुएं पर बैठे थे. तभी कुएं के ऊपर रखा बांस का चचरा टूट गया और बिंदेश्वर राय नीचे गिर गए. जिन्हें बचाने में दोनों भतीजे भी डूब गए.”-नागेंद्र राय, मुखिया
कुआं में डूबने से तीन लोगों के मौत की सूचना मिली है. कुआं 40 साल पुराना बताया जा रहा है, जो पिछले 15 सालों से बंद था. तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है. आगे मामले की जांच की जा रही है.
“चांदपुरा थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव में कुएं में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई है. तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है.”-अभिषेक कुमार वर्मा, थानाध्यक्ष, चांदपुरा
204
