यूपी के उन्नाव में हुए बस हादसे में 18 लोगों की मौत हुई है। हादसे में मरने वालों में मोतिहारी के एक ही परिवार के 6 लोग शामिल हैं, जबकि 2 घायल हैं। सभी जिले के फेनहारा पूर्वी इलाके के रहने वाले हैं।
ये लोग सबीर मास्टर के परिवार के थे। सभी मेरठ में मजदूरी करते थे। सभी ने कल दोपहर करीब 1 बजे शिवहर से बस पकड़ी थी।
बताया जा रहा है कि मरने वाले सभी लोग पहले ट्रेन से जाने वाले थे, लेकिन टिकट नहीं मिला। इन लोगों ने बस पकड़ी और उन्नाव में आगरा-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर हादसे के शिकार हो गए।
इस हादसे के बाद फेनहारा में गम का माहौल है। सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य लोग घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय इलियास, उसकी 30 वर्षीय पत्नी कमरूनेशा, 45 वर्षीय अशफाक, उसकी 38 वर्षीय पत्नी मुनचुन खातून, इनके दो बच्चे गुलनाज और सोहेल के तौर पर हुई है। अशफाक के दो बेटे दिलशाद और साहिल घायल हैं। इलियास और अशफाक सगे भाई थे।
वही इस घटना के बाद घर पर रोती बिलखती अशफाक की मां राबिया खातून ने बताया कि सभी लोग एक महीने पहले घर आए थे। कल सुबह साढ़े 10 बजे गए हैं। आज सुबह 5 बजे सड़क हादसे की जानकारी मिली। मेरा एक पोता उनके साथ था। वो हादसे के बारे में बताते हुए रोने लगा। परिवार से 8 लोग गए थे। 6 की मौत हो गई। 2 बच्चे घायल हैं।
वही आपको बता दे कि इसी हादसे में बगल के गांव इजोर बारा के भी 3 लोग घायल हैं। यहां के फूल मोहम्मद के दोनों पैर कट गए हैं। उसने ही कॉल कर परिवार को हादसे की जानकारी दी थी। हालांकि बाद में उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया है। इसी गांव के 2 और लोग भी उनके साथ थे।
