बेतिया : बगहा के धनहा थाना क्षेत्र के खलारी टोला में 26 वर्षीय युवक दिनेश कुशवाहा की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना रात के एक बजे की बताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। बीते 24 घंटे में धनहा में गला रेतकर हत्या का यह दूसरा मामला है।
हालांकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर मामले में खुलासा कर दिया है। बगहा एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया है कि प्रेम प्रसंग में हत्या हुई है। दिनेश कुशवाहा का एक लड़की से प्रेम-प्रसंग था। पुलिस ने प्रेमिका के भाई मनीष को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में गांव के सरपंच प्रतिनिधि कारण कुमार ने बताया था कि हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग है। थाना अध्यक्ष धर्मवीर भारती ने जानकारी दी कि इस मामले में जांच की जा रही है। परिजनों ने दो लोगों पर शक जाहिर किया था। मनीष और उसके सहयोगी मोहम्मद इरफान पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था।
इरफान पर उत्तर प्रदेश में कई कांड दर्ज हैं और वहां की पुलिस उसकी तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि घटना की रात मृतक दिनेश कुशवाहा खलारी टोला में हल्दी कार्यक्रम के भोज में शामिल होने गया था, जहां से तकरीबन 50 मीटर दूर उसका शव मिला।
