चकिया । बिहारियों और यूपी के भाइयों को गालियां देने, मारपीट कर मुंबई से भगाने की बात करने वाले महाराष्ट्र के मनसे प्रमुख राज ठाकरे को अपने एनडीए गठबंधन में शामिल कर भाजपा ने यह साबित कर दिया है कि बिहार और उत्तर प्रदेश की जनता के सम्मान का उसकी नजर में कोई महत्व नहीं है। जो काम कांग्रेस ने किया वहीं काम भाजपा भी कर रही है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उक्त बातें आज़ यहां जारी एक बयान में जन सुराज के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय कुमार ठाकुर ने आज चकिया में जन सुराज अभियान समिति के कल्याणपुर प्रखण्ड संयोजक व पंचायत समिति सदस्य ठाकुर अविनाश सुमन के आवास पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा है कि मनसे प्रमुख राज ठाकरे का राजनीतिक उद्भव बिहारी और उत्तर प्रदेश के भाइयों के खिलाफ ही हुआ था। राज़ ठाकरे और उसका कुनबा बिहारी भाइयों को महाराष्ट्र से भगाने के लिए अनेकों बार आन्दोलन कर चुका है तथा हजारों बिहारियों और उत्तर प्रदेश के भाइयों को खदेड़ भगाने और मारने – पीटने का काम कर चुका है। भाजपा को बिहारियों और उत्तर प्रदेश के भाइयों के सम्मान की रत्ती भर चिन्ता नहीं है। श्री ठाकुर ने कहा कि दो महीने पहले कांग्रेस के नेता और तेलंगाना के मुख्यमंत्री स्टालिन ने बिहारी डीएनए पर फब्तियां कसी थी और गालियां दी थी। उस पर कांग्रेस नेतृत्व ने कोई ऐक्शन नहीं लिया था और ना ही बिहारियों से माफी मांगी थी।
दोनों पार्टियां अपनी कुर्सी की चिंता करती है और उसे बिहारियों के मान सम्मान और विकास की कोई फ़िक्र नहीं। श्री ठाकुर ने कहा कि जन सुराज के संस्थापक और पदयात्रा अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर जी सभी बिहारियों को एक जुट करने में जुटे हुए हैं और ऐसे सांप्रदायिक और जातिवादी दलों के नेताओं को खदेड़ भगा कर नये बिहार के निर्माण में भागीदार बनने की अपील रोज़ अपने पदयात्रा अभियान में कर रहे हैं। उन्होंने सभी बिहारियों से एक जुट होकर अपने इस अपमान का बदला इन दोनों गठबंधनों एनडीए और इण्डिया से इस संसदीय चुनाव में लेने की अपील की है। श्री ठाकुर ने सभी बिहारियों को होली पर्व की अनंत शुभकामनाएं दी हैं और कहा है कि संसदीय चुनाव में अपने और अपने बच्चों के भविष्य के लिए सही सोंच वाले सही उम्मीदवारों को वोट करें।
123
