कैमूर (रामगढ़): किसी के हाथ में प्रवेश पत्र, तो किसी की आंखों में बेहतर भविष्य का सपना… सुबह होते ही रामगढ़ के परीक्षा केंद्र पर छात्र-छात्राओं की भीड़ जुटने लगी। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में दाखिले की उम्मीद लेकर पहुंचे नौनिहालों ने शनिवार को अपनी प्रतिभा का इम्तिहान दिया। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई।
रामगढ़ स्थित पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय को जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छह प्रवेश परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया था। परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्र के बाहर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। अभिभावक अपने बच्चों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के बाद बाहर इंतजार करते नजर आए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 391 परीक्षार्थी निर्धारित थे। इनमें से 278 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 113 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह केंद्र पर निर्धारित परीक्षार्थियों में से बड़ी संख्या ने प्रवेश परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखी गई थी। मजिस्ट्रेट के रूप में कृषि समन्वयक अवनीश कुमार सिंह तैनात रहे। वहीं, सुरक्षा बल की ओर से एसआई शिवपूजन प्रसाद मुस्तैद दिखे। उक्त परीक्षा को लेकर केंद्र पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह भी नजर आए.परीक्षा केंद्र के केंद्राधीक्षक एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक पवन कुमार सिंह ने व्यवस्थाओं की निगरानी की।
मुख्य गेट पर शिक्षक कौशल कुमार, प्रह्लाद सिंह और हुमायूं मोइन मौजूद रहे। वीक्षक के रूप में सुमन सिंह, अनिल तिवारी, डॉ. कृष्णा सिंह, सविता कुमारी, देवेंद्र पांडेय, जावेद, ओमप्रकाश कुमार और धर्मेंद्र कुमार ने परीक्षा संचालन में जिम्मेदारी निभाई। जवाहर नवोदय विद्यालय की ओर से राकेश कुमार मेहता प्रवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे।
केंद्र पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा आयोजित की गई। नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने की चाह रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षा उनके शैक्षणिक भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जाती है।
9