- -घर बैठे ‘निक्षय मित्र’ बन सकेंगे आम नागरिक, स्वयंसेवी संस्थाएं और कॉर्पोरेट घराने
- -यूपीआई और क्यूआर कोड के जरिए सीधे टीबी मरीजों के पोषण व इलाज में दे सकेंगे सहयोग
- -हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा पोर्टल, प्रखंड स्तर के मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ
मुजफ्फरपुर: प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को जिले में जन-आंदोलन का रूप देने और इस प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य समिति, मुजफ्फरपुर ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गुरुवार को जिलाधिकारी कुमार गौरव ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में टीबी रोगियों की सहायता के लिए समर्पित आधिकारिक डिजिटल डोनेशन पोर्टल ([https://tbcaremuzaffarpur. com/](https:// tbcaremuzaffarpur.com/)) का विधिवत शुभारंभ किया।
सामाजिक जन-आंदोलन बनेगा टीबी उन्मूलन: जिलाधिकारी:
पोर्टल के लोकार्पण के अवसर पर जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक सामाजिक जन-आंदोलन है। इस नए डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अब आम नागरिक, स्वयंसेवी संस्थाएं और कॉर्पोरेट जगत के लोग घर बैठे सीधे ‘निक्षय मित्र’ बन सकते हैं। वे टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके मासिक पोषण किट (फूड बास्केट) और आवश्यक चिकित्सा देखभाल के लिए सीधे आर्थिक सहयोग प्रदान कर सकेंगे।
पोर्टल की प्रमुख विशेषताएं:-
-त्वरित और पारदर्शी भुगतान: इस पोर्टल को ‘टीबी मुक्त भारत अभियान सहयोग कोष, मुजफ्फरपुर’ के लिए विकसित किया गया है। दानदाता किसी भी यूपीआई ऐप, कार्ड या डिजिटल रुपया के माध्यम से पोर्टल पर दिए गए आधिकारिक क्यूआर कोड को स्कैन कर सीधे सहयोग राशि जमा कर सकते हैं।
-प्रखंड स्तर तक सीधा लाभ: जिले के सभी प्रखंडों में कार्यरत टीबी उन्मूलन इकाइयों के माध्यम से पंजीकृत टीबी रोगियों और उनके परिवारों तक पोषण सामग्री और जरूरी सहायता पहुंचाई जाएगी।
-द्विभाषी सुविधा: अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह वेबसाइट हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराई गई है।
अधिकारियों की रही मौजूदगी, नागरिकों से की अपील:
इस मौके पर सिविल सर्जन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, गैर-संचारी रोग पदाधिकारी, जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, सीडीओ सहित सभी प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने जिले के प्रबुद्ध नागरिकों और समाजसेवियों से tbcaremuzaffarpur.com से जुड़कर ‘निक्षय मित्र’ बनने और मुजफ्फरपुर को टीबी मुक्त करने में योगदान देने की अपील की है।
आधिकारिक वेबसाइट: [https://tbcaremuzaffarpur. com/](https:// tbcaremuzaffarpur.com/)
हेल्पलाइन नंबर: 0621-2266056 | टोल-फ्री: 1800-11-6666
20