ऊंट-घोड़े, बग्घी और पंजाबी कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों के साथ सड़कों पर उतरा चित्रांश समाज, गयाजी में निकली भव्य शोभायात्रा सह सामुहिक मूर्ति विसर्जन, पांच किलोमीटर लंबी रही शोभायात्रा

Live News 24x7
5 Min Read
  • नई गोदाम से जीबी रोड होते हुए रुक्मिणी तालाब तक निकली शोभायात्रा, दर्जनों पूजा समितियों की प्रतिमाओं का हुआ सामूहिक विसर्जन; पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुबोध कांत सहाय और मेयर हुए शामिल
गयाजी। भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा के बाद गुरुवार को गयाजी में चित्रांश समाज ने भव्य शोभायात्रा निकालकर आस्था, उत्साह और सामाजिक एकजुटता का शानदार परिचय दिया है। दर्जनों ऊंट-घोड़े, सजी-धजी बग्घी, आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे, डीजे और पंजाब से आए सिख संगत के कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया है। नई गोदाम से निकली इस भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग और नौजवान शामिल हुए। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (अभाकाम) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह जिलाध्यक्ष अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में चित्रांश समाज की एकजुटता देखते ही बनी। शोभायात्रा में पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुबोध कांत सहाय और मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान भी शामिल हुए हैं।
शोभायात्रा की शुरुआत नई गोदाम से हुई है। भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमाओं के साथ श्रद्धालुओं का विशाल कारवां जीबी रोड होते हुए रुक्मिणी तालाब की ओर रवाना हुआ है। रास्ते भर भगवान चित्रगुप्त के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा पांच किलोमीटर लंबी रही है। समाज के लोग नाचते-गाते और उत्साह के साथ भगवान चित्रगुप्त को विदाई देते नजर आए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों पर शोभायात्रा की भव्यता देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है।
पंजाबी कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों ने बांधा समां
इस बार शोभायात्रा में पंजाब से आए सिख संगत के कलाकार विशेष आकर्षण का केंद्र रहे हैं। कलाकारों ने तलवारबाजी समेत कई हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर लोगों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया है। उनके रोमांचक प्रदर्शन को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही है। पारंपरिक पंजाबी अंदाज में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा की रौनक को कई गुना बढ़ा दिया है। वहीं, बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर युवा जमकर झूमते नजर आए।
ऊंट-घोड़े और सजी-धजी बग्घी रही आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में दर्जनों ऊंट-घोड़ों और आकर्षक बग्घी की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया है। भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमाओं के साथ निकाली गईं आकर्षक झांकियां भी लोगों का ध्यान खींचती रहीं। पूरे रास्ते गाजे-बाजे और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। विभिन्न मोहल्लों से आए चित्रांश समाज के लोगों के साथ अन्य समाज के लोग भी इस आयोजन में शामिल हुए हैं।
दर्जनों पूजा समितियों की प्रतिमाओं का सामूहिक विसर्जन
इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि गयाजी शहर के विभिन्न मोहल्लों और स्थानों पर अलग-अलग पूजा समितियों की ओर से स्थापित भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमाओं का एक साथ सामूहिक विसर्जन किया गया है। सभी समितियों की प्रतिमाओं को एकत्रित कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई है। इसके बाद रुक्मिणी तालाब में विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से कलम के आराध्य देव भगवान श्री चित्रगुप्त को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से इसी उत्साह के साथ पूजा एवं आयोजन करने का संकल्प लिया ह।
समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देता है आयोजन : मोहन श्रीवास्तव
इस मौके पर अभाकाम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह जिलाध्यक्ष मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि पाप-पुण्य का लेखा-जोखा रखने वाले लेखनीधारी भगवान श्री चित्रगुप्त की सामूहिक प्रतिमा विसर्जन सह भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। इसमें शहर की दर्जनों पूजा समितियों की ओर से स्थापित प्रतिमाओं का एक साथ विसर्जन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में कायस्थ समाज के हजारों लोगों के साथ अन्य समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। इस तरह के सामूहिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता का संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की खासियत यह रही कि इसमें सभी जाति और धर्म के लोगों की सहभागिता रही। भगवान चित्रगुप्त की आराधना हमें सत्य, न्याय और कर्म के प्रति निष्ठावान रहने की प्रेरणा देती है।
इस मौके पर महामंत्री विपिन कुमार सिन्हा, कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा, विकास दफ्तुआर, उदय श्रीवास्तव, प्रो. अरुण कुमार सिन्हा, प्रभात शंकर उर्फ सुनील, सुनील कुमार सिन्हा, नवीन बिहारी, धीरज सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे हैं।
46
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *