हजारीबाग के दनुवा घाटी में भीषण सड़क हादसा, सात लोगों की दर्दनाक मौत, 12 से अधिक घायल

Live News 24x7
3 Min Read
चौपारण में शव लेकर वाराणसी जा रही पिकअप वैन को ट्रेलर ने मारी टक्कर, अंतिम संस्कार के लिए निकले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुवा घाटी में सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा महानेटांड के समीप हथिया बाबा मोड़ के पास हुआ। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बगोदर और सलैया क्षेत्र के एक परिवार के सदस्य अपने परिजन कुंजो प्रजापति के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए पिकअप वैन से वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान दनुवा घाटी में पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में सवार लोग उसके नीचे दब गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई। मृतकों में धोकला कुमार (45), बुधनी देवी (50), रामकिसुन महतो (50), रामेश्वर कुमार (70), राजू पंडित (40), सावित्री देवी और रुबिया देवी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है।
इधर, हादसे के बाद टक्कर मारने वाले ट्रेलर का चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
सबसे दुखद पहलू यह है कि जिस परिवार के सदस्य अपने परिजन के अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे, उसी यात्रा के दौरान परिवार के सात लोगों की जान चली गई। एक ही हादसे में कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं।
25
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *