- योग भट्टी के बाद हुआ मुरली पाठ, दीप जलाकर दिया आंतरिक स्वच्छता और पवित्रता का संदेश
पतौरा (मोतिहारी) : पतौरा के लाला टोला में पिछले 23 वर्षों से संचालित ब्रह्माकुमारी पाठशाला में शनिवार को दीपावली का पर्व आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित योग भट्टी के बाद सभी भाई-बहनों ने दीपराज शिव बाबा का आह्वान किया और उनके पाठशाला में पधारकर बच्चों में शक्ति भरने का आध्यात्मिक अनुभव किया।
कार्यक्रम के दौरान शिव बाबा की मुरली सुनाई गई। इसके बाद दीपावली का भोग स्वीकार कराया गया। दीपावली के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र एवं पाठशाला के प्रभारी वरिष्ठ राजयोगी बीके अशोक वर्मा ने कहा कि दीपावली मनाने की परंपरा द्वापर युग से शुरू हुई। पिछले कल्प के पुरुषोत्तम संगमयुग में शिव बाबा ने भारत की पावन भूमि पर अवतरित होकर पतित दुनिया को पावन बनाने का महान कार्य किया था। उन्होंने संसार में व्याप्त अज्ञान रूपी अंधकार को मिटाकर ज्ञान का प्रकाश फैलाया। पांच विकारों रूपी रावण पर श्रीराम की विजय और अयोध्या में दीपोत्सव की परंपरा उसी आध्यात्मिक विजय की यादगार है।
इस अवसर पर केसरिया से पधारे बीके सुधीर भाई ने कहा कि दीपावली में जिस प्रकार हम अपने घर के कोने-कोने की सफाई करते हैं, उसी प्रकार हमें अपने मन के कोने-कोने में छिपे विकारों को भी समाप्त करना चाहिए। आंतरिक स्वच्छता और संपूर्ण पवित्रता अपनाकर ही हम आने वाली नई सतयुगी दुनिया में उच्च पद प्राप्त करने के योग्य बन सकते हैं।
कार्यक्रम को बीके नीलम माता एवं बीके मनोहर भाई ने भी संबोधित किया। अंत में सभी भाई-बहनों ने मिलकर दीप प्रज्वलित किए और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बीके गायत्री, बीके पार्वती, बीके नीतू बहन, बीके सिद्धार्थ भाई सहित बड़ी संख्या में भाई-बहन उपस्थित थे।
28