पं. श्याम नारायण मिश्र ‘श्याम’ की प्रथम पुण्यतिथि पर संगोष्ठी एवं कवि सम्मेलन आयोजित

Live News 24x7
4 Min Read
  • साहित्य में सदाचार, नैतिकता, चरित्र और देशभक्ति के मूल्यों को प्रतिष्ठित करने वाले रचनाकार थे श्याम जी : अनिल प्रताप त्रिपाठी ‘प्रवात’
प्रतापगढ़। सृजना साहित्यिक संस्था उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जनपद के लब्धप्रतिष्ठ साहित्यकार एवं अधिवक्ता पंडित श्याम नारायण मिश्र ‘श्याम’ की प्रथम पुण्यतिथि पर संगोष्ठी एवं कवि सम्मेलन का आयोजन श्याम भवन, जयन्ती नगर, बाबागंज, प्रतापगढ़ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ, जिसे कवि सुरेश नारायण दूबे ‘व्योम’ ने प्रस्तुत किया।
संगोष्ठी में पंडित श्याम नारायण मिश्र ‘श्याम’ के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्य अतिथि अनिल प्रताप त्रिपाठी ‘प्रभात’ ने कहा कि श्याम जी प्रेरणादायी व्यक्तित्व के धनी थे। उनके साहित्य में सदाचार, नैतिकता, चरित्र निर्माण और देशभक्ति जैसे उच्च जीवन मूल्यों की अभिव्यक्ति दिखाई देती है। उनके शिष्य एवं अनुयायी उनकी शिक्षाओं और आदर्शों पर चलें, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लब्धप्रतिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व बाल न्यायाधीश डॉ. दयाराम मौर्य ‘रत्न’ ने कहा कि पंडित श्याम नारायण मिश्र ‘श्याम’ का साहित्य भाषा, भाव और शैली की दृष्टि से उच्च कोटि का है। उन्होंने अपनी रचनाओं में मानवीय संवेदनाओं और जीवन के विभिन्न पक्षों के दर्द को प्रभावशाली ढंग से उकेरा है। वे अलंकार, रस और छंद के मर्मज्ञ थे। साहित्यकारों को उनकी रचनात्मक परंपरा से प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर उनके सुपुत्र श्री रुद्र नारायण मिश्र ने अपने पिता की काव्य रचनाओं की पंक्तियों का सस्वर पाठ कर उनकी स्मृतियों को ताजा किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके पिता किसान, मजदूर और देश के सैनिकों के प्रति अत्यंत संवेदनशील एवं भावुक हृदय रखते थे। उन्होंने कहा कि जब तक पिताजी जीवित थे, तब तक वे स्वयं को बच्चा ही समझते थे, लेकिन उनके परलोक गमन के बाद पहली बार जिम्मेदारियों का वास्तविक एहसास हुआ और जीवन का भार अपने कंधों पर उठाना पड़ा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से दिवंगत साहित्यकार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कथाकार एवं कवि प्रेम कुमार त्रिपाठी ‘प्रेम’ ने अपनी कविता
मन करता है पहले लिख दूं अंतिम वाली कविता प्रस्तुत की। । अमित शुक्ल ने अपनी परिचयात्मक कविता ‘अमित ने अमित को अमित बार  देखा’ सुनाकर श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया। डॉ. दयाराम मौर्य ‘रत्न’ ने ‘स्मृतियों में तुम ही तुम हो, तुम् में ही स्मृतियां के माध्यम से पंडित जी की स्मृतियों को स्वर दिया। उदय राज उजड़ड जी ने ‘जीने की ख्वाहिश है तो मरने की तैयारी रख’ जैसी पंक्तियों से जीवन दर्शन प्रस्तुत किया।
सुरेश नारायण दूबे ‘व्योम’ ने अपनी रचना ‘रच दिया चित्र तेरे अनुपम…’ का पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे राधेश्याम दीवाना ने ‘एक कवि जी को देखा तो ऐसा लगा’ रचना सुनाकर खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल त्रिपाठी, प्रबंधक डॉल्फिन पब्लिक स्कूल उपस्थित रहे। कवि सम्मेलन में महावीर त्रिपाठी, अरविंद मिश्र, अमरनाथ ‘बेजोड़’, राम निरंजन शुक्ल, माधव प्रसाद यादव सहित अनेक साहित्यकार एवं कवि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम साहित्यिक वातावरण में भावपूर्ण श्रद्धांजलि एवं काव्य प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ।
24
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *