- नगर निगम बोर्ड की बैठक में कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर लगी मुहर, शुद्ध पेयजल के लिए लगेंगे वाटर एटीएम; लापरवाही पर सहायक अभियंता अनामिका कुमारी निलंबित
- बुडको पर भड़के मेयर व नगर आयुक्त
गयाजी। नगर निगम के सभागार में बुधवार को मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक आयोजित हुई है। जबकि बैठक का संचालन डॉ. अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने किया है। इस बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर सदस्यों ने अपनी सहमति दी है। इस बैठक को संबोधित करते हुए मेयर ने कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। इसमें मुख्य रूप से सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है।उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। शहर में तीन पालियों में सफाई होगी। रात में भी कचरे का उठाव कराया जाएगा, ताकि सड़कों के किनारे कचरे का ढेर दिखाई नहीं पड़े और पर्व के दौरान शहर स्वच्छ बना रहे हैं।
इस बैठक में नैली में गौरक्षणी बनाने का भी निर्णय लिया गया है। इसके तहत शहर की सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को पकड़कर गौरक्षणी में रखा जाएगा। पशुओं के गोबर से ईंधन बनाने की योजना भी है। इससे शहर को आवारा पशुओं की समस्या से राहत मिलने के साथ गोबर का उपयोग भी हो सकेगा।
इस बैठक में डिप्टी मेयर चिंता देवी, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार, अंजना श्रीवास्तव, दीपक चंद्रवंशी, सुचेता कुमारी, नैयर अहमद, जय प्रकाश यादव, मुन्नी देवी सहित कई पार्षद एवं पदाधिकारी मौजूद रहे हैं।
जलापूर्ति पाइपलाइन लीकेज पर बुडको को घेरा
बोर्ड की बैठक में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने गंभीर सवाल उठाए। सदस्यों ने कहा कि बुडको की अनदेखी के कारण लगातार जलापूर्ति पाइपलाइन में लीकेज हो रहा है। इससे प्रतिदिन लाखों लीटर गंगाजल बर्बाद हो रहा है। वार्ड संख्या 4, 5, 9, 13, 15, 16, 21 और 33 सहित कई वार्डों के मोहल्लों में पाइपलाइन लीकेज की समस्या सामने आई है।
इस पर बुडको के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार ने सदन को आश्वस्त किया कि लीकेज पाइपलाइन को जल्द से जल्द ठीक कराया जाएगा, ताकि शहरवासियों को पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सके।
वहीं, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने जल पर्षद के कार्यालय अभियंता से जलापूर्ति कार्य में लगाए गए 168 कर्मियों की कार्यप्रणाली और उनके दायित्वों की जानकारी मांगी है। इस पर डिप्टी मेयर चिंता देवी ने कहा कि इन कर्मियों के पास कोई विशेष काम नहीं है और सभी दंडीबाग जलापूर्ति केंद्र में बैठकर वेतन ले रहे हैं। इस मुद्दे पर सदन में नाराजगी जाहिर की गई है।
शहर में लगेंगी 15 हजार लाइटें, चौक-चौराहों पर होंगे हाईमास्ट
शहर को प्रकाशमय बनाने के लिए 15 हजार स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव पर सदन में सहमति बनी। सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने इस प्रस्ताव को सदन में रखा। इसके तहत सभी वार्डों में एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। साथ ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर हाईमास्ट लाइट और मिनी हाईमास्ट लाइट लगाने की योजना है। सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई है।
46 वार्डों में खुलेंगे नए पुस्तकालय
इस बैठक में वार्डों में पुस्तकालय खोलने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। वर्तमान में नगर निगम के 53 वार्डों में से केवल सात वार्डों में पुस्तकालय संचालित हैं। शेष 46 वार्डों में भी पुस्तकालय खोलने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को अपने वार्ड में ही पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है।
शुद्ध पेयजल के लिए लगेंगे वाटर एटीएम
शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाटर एटीएम मशीन लगाने का निर्णय लिया गया है। इससे आम लोगों को आसानी से शुद्ध पेयजल मिल सकेगा। इसके अलावा जवाहरलाल टाउन हॉल, इंडोर स्टेडियम, केदारनाथ मार्केट और सिकड़िया मोड़ बस पड़ाव को पीपीपी मोड पर विकसित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई है।
लापरवाही पर सहायक अभियंता अनामिका कुमारी निलंबित
इस बैठक में कार्यों में लापरवाही का मामला भी उठा है। नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने सहायक अभियंता अनामिका कुमारी के कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उन्हें निलंबित करने की घोषणा की है। नगर आयुक्त ने सदन को बताया कि सहायक अभियंता द्वारा लगातार कार्यों में लापरवाही बरती जा रही थी। बिना आदेश के कई कार्य गलत तरीके से किए गए हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है।
मजदूरों के भुगतान में लापरवाही पर बुडको के खिलाफ FIR का आदेश
इस बैठक में बुडको की कार्यशैली को लेकर भी नाराजगी सामने आई है। नगर आयुक्त ने कहा कि मजदूरों के भुगतान के लिए बुडको को राशि उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद मजदूरों को उनका पैसा नहीं दिया गया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है।
पार्कों और बाजारों के विकास पर भी निर्णय
इस बैठक में गांधी मैदान स्थित ओपन जिम पार्क और कंडी स्थित पार्क का संचालन वन विभाग से वापस लेने की पहल करने का निर्णय लिया गया है। सदस्यों का कहना था कि वर्षों से इन पार्कों का अपेक्षित जीर्णोद्धार नहीं हुआ है। ऐसे में नगर निगम स्वयं इनकी जिम्मेदारी लेकर विकास और सौंदर्यीकरण कराएगा।
इसके अलावा केदारनाथ मार्केट के अंदर फल एवं सब्जी का कारोबार व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया है। सड़क पर दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। कठोकर तालाब के विकास, सिकड़िया मोड़ बस स्टैंड के विकास तथा शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सफाई वाहन, सामग्री और उपकरणों की खरीद पर भी सहमति बनी है।
शहरवासियों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए नगर निगम में होम्योपैथिक चिकित्सक की सेवा उपलब्ध कराने और लोगों को निःशुल्क दवा देने का भी निर्णय लिया गया। इसके साथ ही खराब ट्राई साइकिल, हाथ ठेला और लोहा ठेला की मरम्मत कराने तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई है।
कठोत्तर तालाब के खाली भूखंड, सिकरिया मोड़ स्थित बस स्टैंड और केदारनाथ का डीपीआर सरकार को भेजा गया, पीपीपी मोड पर होंगे विकसित। इसके अलावा पांच अन्य स्थलों को विकसित किया जाएगा।
22