- नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री की अध्यक्षता में पितृपक्ष मेला-2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
गया। नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के माननीय मंत्री श्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई है।
इस बैठक का संचालन एवं प्रस्तुतीकरण जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर द्वारा किया गया है। इस वर्ष विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला का आयोजन 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है, जिसकी तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा जुलाई माह से ही प्रारंभ कर दी गई हैं।
तैयारियों के प्रमुख बिंदु
1. 21 कोषांगों का गठन – मेला के सुचारू संचालन हेतु 21 प्रमुख कोषांगों का गठन किया गया है – आवासन, साफ-सफाई, जलापूर्ति व स्वच्छता, सड़क व नाली मरम्मत, स्वास्थ्य, विद्युत व प्रकाश, परिवहन व यातायात, विधि-व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, पर्यटन, दंडाधिकारी प्रतिनियुक्ति, खोया-पाया, पिंडदान सामग्री, घाट व तालाब, टेंट सिटी, रेलवे समन्वय सहित अन्य।
2. आवासन व्यवस्था – गांधी मैदान में 2500 क्षमता वाले टेंट सिटी के अलावा विभिन्न धर्मशालाओं, स्कूलों, सामुदायिक भवनों में कुल 10,000 से अधिक तीर्थयात्रियों के ठहरने की व्यवस्था।
3. स्वच्छता व पेयजल – सभी पिंडदान स्थलों, विष्णुपद मंदिर, फल्गु घाट, अक्षयवट, प्रेतशिला सहित 54 वेदियों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम की व्यवस्था।
4. सुरक्षा व्यवस्था – पूरे मेला क्षेत्र को 6 जोन व 22 सेक्टर में बांटा गया है। 5000 से अधिक पुलिस बल, 300 सीसीटीवी, ड्रोन से निगरानी, सादे लिबास में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
5. यातायात प्रबंधन – मेला अवधि में विशेष ट्रैफिक प्लान, 8 अस्थायी बस स्टैंड, ऑटो-ई-रिक्शा के लिए रूट निर्धारण, पार्किंग स्थलों का चिह्नांकन।
मंत्री का निर्देश – मंत्री ने कहा कि पितृपक्ष मेला बिहार की प्रतिष्ठा से जुड़ा है। देश-विदेश से आने वाले हर तीर्थयात्री को बेहतर सुविधा मिले। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। कहीं भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई, प्रकाश और पेयजल पर विशेष ध्यान दिया जाए।
*डीएम ने कहा -* सभी कोषांग के वरीय प्रभारी अपने-अपने कार्यों को 22 सितंबर तक हर हाल में पूर्ण कर लें। सभी घाटों की बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस बैठक में नगर आयुक्त डा गगन कुमार, एसएसपी सुशील कुमार, एडीएम, सभी एसडीएम, सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी, नगर निगम के अधिकारी, बीएमपी के अधिकारी उपस्थित थे।
19