22मोतिहारी : कॉपी के बंडल में गुप्त तहखाना बनाकर शराब तस्करी का भंडाफोड़, 51 लीटर बरामद
मोतिहारी। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर तस्करी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। मोतिहारी नगर थाना पुलिस ने ऐसे ही एक अनोखे तरीके का भंडाफोड़ करते हुए कॉपी के बंडल में छिपाकर लाई गई 51 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से सीतामढ़ी निवासी रोहित कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को गुप्त सूचना मिली थी कि अब्बास चौक पर शराब की खेप उतारी गई है। इसे कॉपी के बंडल में छिपाकर दूसरी जगह ले जाने की तैयारी है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों को जानकारी देने के बाद नगर थाना पुलिस ने अब्बास चौक पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान कॉपी के बंडल में छिपाकर रखी गई 286 पीस अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा करीब 51 लीटर बताई गई है। पुलिस ने मौके से रोहित कुमार (24), पिता देवेंद्र साह, निवासी बेलसन थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-13, जिला सीतामढ़ी, को गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली में बैठकर तैयार कराया गया था गुप्त तहखाना
सदर-01 के एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि पूछताछ और जांच में शराब तस्करी के एक नए तरीके की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, चंपारण के एक व्यक्ति ने दिल्ली में बैठकर कॉपी के बंडल के अंदर गुप्त तहखाना तैयार कराया था। इसी तहखाने में शराब छिपाकर बस के माध्यम से मोतिहारी भेजी गई थी। इसके बाद शराब की खेप को आगे पहुंचाने की तैयारी थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार रोहित कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह वर्ष 2024 में उत्पाद थाना रुन्नीसैदपुर, सीतामढ़ी में दर्ज शराब कांड में जेल जा चुका है। पुलिस मामले में शराब भेजने और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
छापेमारी दल में सदर-01 एसडीपीओ दिलीप कुमार, नगर थाना के पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष, पुलिस अवर निरीक्षक के.वी. हनुमंत, संजीव कुमार, सतीश कुमार, सुबोध कुमार सिंह समेत नगर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।
22
22
Leave a review
