रामगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की सरकारी पहल के बीच कैमूर के रामगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र से योजना की दूसरी किस्त को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। कई लाभुकों को पहली किस्त मिलने के बाद मकान निर्माण शुरू कराए जाने के बावजूद लंबे समय से दूसरी किस्त की राशि का इंतजार है। दूसरी किस्त नहीं मिलने के कारण कई लाभुकों के मकान का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है।
मामले को लेकर समाजसेवी सोनू गुप्ता ने 14 सितंबर 2026 को नगर पंचायत रामगढ़ के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। आवेदन में उन्होंने कहा है कि नगर पंचायत रामगढ़ क्षेत्र के कई लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रथम किस्त की राशि प्राप्त होने के बाद उन्होंने अपने आवास का निर्माण कार्य शुरू कराया। लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद पात्र लाभुकों के बैंक खातों में दूसरी किस्त की राशि उपलब्ध नहीं हो सकी है।
आवेदन के अनुसार, दूसरी किस्त नहीं मिलने के कारण कई परिवारों के मकान का निर्माण बीच में ही रुक गया है। सबसे अधिक परेशानी गरीब परिवारों को बारिश और खराब मौसम के दौरान उठानी पड़ रही है। अधूरे मकानों में रहने वाले परिवारों को पानी और मौसम की मार झेलनी पड़ रही है। कुछ परिवारों को अस्थायी व्यवस्था में रहने के लिए भी मजबूर होना पड़ा है।
समाजसेवी सोनू गुप्ता ने अपने आवेदन में नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दूसरी किस्त से संबंधित मामलों की सूची और वर्तमान स्थिति की जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिन लाभुकों ने योजना के निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कार्य पूरा कर लिया है अथवा निर्धारित चरण तक निर्माण कर लिया है, उनकी दूसरी किस्त की राशि शीघ्र उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी मांग की है कि किन-किन लाभुकों की दूसरी किस्त लंबित है और किस कारण से लंबित है, इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि पात्र लाभुकों को बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
सोनू गुप्ता ने आवेदन के माध्यम से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के लिए महज एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि उनके पक्के और सुरक्षित घर के सपने से जुड़ी योजना है। ऐसे में राशि के भुगतान में अनावश्यक देरी होने से योजना का उद्देश्य प्रभावित हो सकता है।
अब देखने वाली बात होगी कि समाजसेवी द्वारा उठाए गए इस मुद्दे पर नगर पंचायत प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और लंबित दूसरी किस्त को लेकर लाभुकों को कब तक राहत मिलती है। फिलहाल यह मामला रामगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
10