31जनगणना कर्मी बनकर घर में घुसे लुटेरे, महिला को बंधक बनाकर लूटा सोना
विरोध करने पर बेरहमी से पीटा, मुंह पर चोट से टूटा दांत; बालकनी में बंद कर फरार हुए तीन बदमाश
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान अपार्टमेंट में बदमाशों ने जनगणना कर्मी बनकर एक फ्लैट में प्रवेश किया और घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की, जिससे उनके मुंह में गंभीर चोट आई और एक दांत टूट गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पहले महिला ने खुद को बताया जनगणना कर्मी, फिर पहुंचे दो युवक
जानकारी के अनुसार, घटना के समय फ्लैट में लीलावती अम्मा अकेली थीं। इसी दौरान एक महिला उनके दरवाजे पर पहुंची और खुद को जनगणना विभाग की कर्मी बताते हुए बातचीत शुरू की। महिला के अंदर आने के कुछ ही देर बाद दो युवक भी वहां पहुंच गए।
आरोप है कि तीनों ने मिलकर लीलावती अम्मा को अपने कब्जे में ले लिया और उन्हें बंधक बना लिया। बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक महिला को फ्लैट में रखा और इस दौरान उनके साथ मारपीट करते हुए सोने के आभूषण उतरवा लिए।
सोने की चेन और कान की बाली लूटी
पीड़िता के अनुसार, बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन और कान की बालियां लूट लीं। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इस हमले में उनके मुंह पर गंभीर चोट आई और एक दांत भी टूट गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने महिला को फ्लैट की बालकनी में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए।
बालकनी से शोर मचाकर पड़ोसियों को दी सूचना
बदमाशों के फरार होने के बाद महिला ने बालकनी से शोर मचाना शुरू किया। आवाज सुनकर आसपास के लोग और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब अपार्टमेंट और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच टीम कथित तौर पर वारदात में शामिल एक महिला समेत तीनों आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
दिनदहाड़े अपार्टमेंट में जनगणना कर्मी का रूप धारण कर घर में घुसने और महिला को बंधक बनाकर लूट की घटना ने सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
31
31
Leave a review
