राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा, ग्राम कचहरियों से अधिकाधिक वादों के निष्पादन का आह्वान

Live News 24x7
3 Min Read
मोतिहारी :  आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 12 सितंबर 2026 को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी द्वारा सदर मोतिहारी एवं रक्सौल अनुमंडल के प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों तथा ग्राम कचहरी सचिवों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मोतिहारी श्री नितिन त्रिपाठी ने की।
बैठक के दौरान ग्राम कचहरियों में लंबित मामलों की स्थिति तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निष्पादन किए जा सकने वाले वादों की समीक्षा की गई। सचिव श्री नितिन त्रिपाठी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम कचहरी स्तर पर अधिकाधिक वादों को चिन्हित कर उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम नागरिकों को आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में विवादों के शीघ्र समाधान का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। इसको ध्यान में रखते हुए ग्राम कचहरी सचिव एवं संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लंबित वादों की पहचान कर पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विवाद के समाधान के लिए प्रेरित करें।
सचिव श्री त्रिपाठी ने तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि निर्धारित कार्यों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य करते हुए अधिकाधिक वादों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष बल दिया गया। सचिव ने निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनसामान्य तक राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी पहुंचाने के लिए उपलब्ध सभी प्रभावी माध्यमों का उपयोग किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कार्य के दौरान यदि किसी वाद के निष्पादन में तकनीकी अथवा प्रक्रियागत कठिनाई उत्पन्न होती है, तो संबंधित पदाधिकारी अथवा ग्राम कचहरी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मोतिहारी कार्यालय से तत्काल संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करें।
बैठक के अंत में सचिव श्री नितिन त्रिपाठी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों से समन्वित, समयबद्ध एवं परिणामोन्मुखी प्रयास करते हुए आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिकाधिक वादों का निष्पादन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
12
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *