गया, इनर व्हील क्लब ऑफ गया सनराइज द्वारा ज्ञान भारती वर्ल्ड स्कूल, गया में कक्षा 3 से 6 तक के विद्यार्थियों के लिए “पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली जागरूकता कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना था, ताकि वे बचपन से ही अच्छी आदतों को अपनाकर स्वस्थ भविष्य का निर्माण कर सकें।
इस कार्यक्रम के दौरान क्लब की सदस्यों ने बच्चों को स्वस्थ भोजन एवं जंक फूड के बीच का अंतर, संतुलित आहार का महत्व, नियमित शारीरिक गतिविधियों, पर्याप्त नींद तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के लाभों के बारे में सरल एवं रोचक ढंग से जानकारी दी। इसके साथ ही मधुमेह (डायबिटीज) एवं उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) जैसे जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों पर एक ज्ञानवर्धक पावर पॉइंट प्रस्तुति भी दिखाई गई, जिससे बच्चों को इन बीमारियों की रोकथाम एवं स्वस्थ आदतों के महत्व की जानकारी मिली है।
इस कार्यक्रम को अधिक रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए प्रश्नोत्तरी एवं विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। विजेता विद्यार्थियों को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए तथा सभी विद्यार्थियों के बीच स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता पैम्फलेट वितरित किए गए हैं।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष श्रीमती मधु प्रिया ने कहा कि “बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली की आदतें बचपन से विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। आज के बच्चे यदि सही खान-पान, नियमित व्यायाम और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहेंगे, तो वे भविष्य में अनेक गंभीर बीमारियों से स्वयं को बचा सकेंगे। हमारा उद्देश्य बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने परिवार एवं समाज में भी स्वास्थ्य जागरूकता का संदेशवाहक बनाना है।”
इस कार्यक्रम की सफलता में डॉ. तेजस्वी नंदन, डॉ. चरिमा, डॉ. पल्लवी, डॉ. सादिया सूरी, स्वाति, संजना, राखी, रश्मि, नंदनी, दीपाली एवं शाज़िया की सक्रिय सहभागिता एवं सराहनीय योगदान रहा। सभी सदस्यों ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावशाली बनाया है।
यह जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का प्रभावी संदेश देने में सफल रहा है।
26