जिलाधिकारी, पूर्वी चम्पारण ने स्थानीय व्यवसायियों और प्रतिष्ठानों को अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों और अनावश्यक विलम्ब की समस्या के सम्बन्ध में एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया है।
यह निर्णय जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय व्यवसायियों के साथ हुई बैठक के पश्चात लिया गया है, ताकि व्यवसायियों को सरकारी सेवाओं का लाभ शीघ्र और सुगम तरीके से मिल सके।
टास्क फोर्स का गठन अपर समाहर्ता, विभागीय जांच, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी की अध्यक्षता में किया गया है। इसके सदस्यों में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी एवं होम गार्ड कमांडेंट सह अग्निशमन पदाधिकारी, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी को शामिल किया गया है।
यह टास्क फोर्स Fire Safety NOC से संबंधित सभी लंबित आवेदन पत्रों की विस्तृत समीक्षा करेगी, विलम्ब के वास्तविक कारणों का पता लगाएगी और प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए ठोस सुझाव देगी। टास्क फोर्स को पंद्रह दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि टास्क फोर्स प्रत्येक लंबित मामले की गहन जांच करे और यह सुनिश्चित करे कि किसी भी व्यवसायी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही, यह भी निर्देशित किया गया है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही या जानबूझकर विलम्ब करने का मामला सामने आता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
इस पहल से Fire Safety NOC प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और व्यवसायियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जा सकेगा।
Fire Safety NOC से संबंधित किसी भी समस्या, शिकायत या जानकारी के लिए व्यवसायी जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय, मोतिहारी में स्थित DM Cell से संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और शीघ्र उसका समाधान प्रदान किया जाएगा।
10