बिहार : मीट की दुकानों पर परोसी जा रही थी शराब, पुलिस ने पांच को किया गिरफ्तार

3 Min Read

बिहार के सीतामढ़ी के नगर थाना क्षेत्र के सिनेमा रोड पर मंगलवार को पुलिस ने छापेमारी कर दो मीट दुकानों को सील किया है। दरअसल, शहर के बीचों-बीच थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर मीट हाउस में शराब और ठंडी बीयर टेबल पर परोसी जा रही थी। इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कदम उठाया।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने सूचना के आधार पर मीट हाउस में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मीट हाउस में बीयर पीते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, होटल की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों मीट हाउस में रखे फ्रिज से भारी मात्रा में बीयर बरामद की। इसके बाद दोनों होटल के दो स्टॉफ को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, पुलिस की कार्रवाई को देखकर मीट हाउस संचालक और बीयर पीने पहुंचे कई ग्राहक मौके से भाग निकले। पुलिस ने मीट हाउस के छप्पर पर रखी गईं बीयर की तीन से अधिक खाली बोतलें भी जब्त की हैं। शराब बरामद होने के बाद कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। पुलिस ने होटल में रखे फ्रिज समेत कई महत्वपूर्ण समान जब्त करते हुए दोनों मीट हाउस को सील कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, सूचना मिली थी कि सिनेमा रोड पर मांस-मछली की दुकानों में धड़ल्ले से शराब और बीयर परोसी जा रही है। इसके बाद वरीय अधिकारियों को सूचना देते हुए सादे लिवास में दो पुलिस अधिकारी को ग्राहक बनाकर भेजा गया। मीट हाउस में पहुंचे पुलिस अधिकारी ने होटल स्टॉफ से बीयर की मांग की। इसके बाद स्टॉफ ने पुलिस अधिकारी को बीयर मुहैया कराई। वहीं, होटल में कई लोग खुलेआम बीयर पी रहे थे।

सूचना का सत्यापन होने बाद पुलिस अधिकारियों ने छापेमारी के लिए इशारा किया। इसके बाद होटलों में कार्रवाई कर भारी मात्रा में बीयर बरामद की गई। वहीं, पांच लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि जब्त सामान का मिलान कर एफआईआर की प्रक्रिया की जा रही है। दोनों होटलों को दंडाधिकारी की मौजूदगी में सील कर दिया गया है।

203
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *