- मरीन ड्राइव पर खड़े ब्रेकडाउन ट्रेलर में पीछे से जा घुसी तेज रफ्तार कार, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त गैस कटर से निकाले गए शव
जमशेदपुर: जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे झारखंड को झकझोर कर रख दिया। सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी-मरीन ड्राइव मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े ब्रेकडाउन ट्रक,ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं।
तड़के करीब तीन बजे हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस के अनुसार हादसा गुरुवार तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मरीन ड्राइव पर एक भारी वाहन तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार सीधे उसके पिछले हिस्से से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। पुलिस और राहत दल को शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा।
कार में सवार चारों लोगों की मौत
हादसे में कार सवार दो युवकों और दो युवतियों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। विभिन्न रिपोर्टों में मृतकों के नाम तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल बताए गए हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।
सड़क पर खड़ा था खराब ट्रेलर, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार जिस भारी वाहन से कार की टक्कर हुई, वह तकनीकी खराबी के कारण पहले से सड़क पर खड़ा था। हादसे के बाद यह सवाल भी जांच के दायरे में है कि खराब वाहन को सड़क पर खड़ा करने के दौरान पर्याप्त चेतावनी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था की गई थी या नहीं।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और सड़क पर खड़े वाहन से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख
हादसे की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संतान को खोने का दुख माता-पिता के लिए असहनीय होता है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत अन्य नेताओं ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
एक हादसे ने चार परिवारों को दिया गहरा जख्म
जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर कुछ ही पलों में हुए इस हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। मंत्री की बेटी समेत चार युवाओं की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे की विस्तृत जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों तथा जिम्मेदार परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
54