भभुआ/कैमूर। नवरात्रि शुरू होने से पहले कैमूर के भभुआ में चोरों ने दुर्गा मंदिर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। भभुआ वार्ड नंबर 24 के दक्षिण मोहल्ला स्थित दुर्गा मंदिर से चोर करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात चोरों ने मंदिर का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और माता की प्रतिमा पर चढ़ाए गए मांगटीका, कान के झुमके, नथिया, हार, मुकुट सहित अन्य जेवरात चोरी कर लिए। बुधवार सुबह करीब 7 बजे वार्ड पार्षद परमानंद केसरी को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद मोहल्ले में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही भभुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है।
36