37मोहनिया चेकपोस्ट पर दो ट्रकों से एक करोड़ से अधिक की विदेशी शराब जब्त, पंजाब के दो चालक गिरफ्तार
मोहनिया (कैमूर)। बिहार में शराबबंदी के बीच कैमूर जिले के मोहनिया चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों से 7,361 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पंजाब निवासी दोनों ट्रक चालकों हरविंदर सिंह और सतनाम सिंह को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब लगभग 735 पेटियों में रखी गई थी।
मोहनिया चेकपोस्ट के उत्पाद प्रभारी संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक विशेष ट्रक के जरिए बिहार में शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद समेकित जांच चौकी मोहनिया के पास जांच तेज कर दी गई। इसी दौरान दोनों ट्रकों को रोककर तलाशी ली गई। आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद वाहनों की गहन जांच की गई, जिसमें शराब की खेप बरामद हुई।
अलग-अलग सामान की आड़ में छिपाई गई थी शराब
उत्पाद विभाग के अनुसार, एक ट्रक में साइकिल के टायर की आड़ में 185 पेटी विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। वहीं, दूसरे ट्रक में जीरा और ठंडा पेय पदार्थ की आड़ में 550 पेटी शराब रखी गई थी। दोनों ट्रकों से कुल 7,361 लीटर शराब जब्त की गई।
गिरफ्तार चालकों की पहचान पंजाब के पटियाला निवासी हरविंदर सिंह और सतनाम सिंह के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग को आशंका है कि शराब की खेप को बिहार में खपाने की योजना हो सकती थी। हालांकि, इस संबंध में जांच के आधार पर ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
चालक ने शराब की जानकारी होने से किया इनकार
वहीं, गिरफ्तार चालक हरविंदर सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए दावा किया कि उसे जीरकपुर से ट्रक दिया गया था और रांची पहुंचाने को कहा गया था। उसने कहा कि उसे ट्रक में शराब होने की जानकारी नहीं थी। चालक के अनुसार, गाड़ी रांची तक पहुंचाने के बदले उसे प्रति चक्कर पांच हजार रुपये देने का वादा किया गया था। उसने यह भी दावा किया कि वह पहली बार इस रास्ते पर आया था।
फिलहाल उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया है। मामले में शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।
37
37
Leave a review
