कैमूर : हिंदी सिर्फ भाषा नहीं, हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता का सूत्र: डीएम

Live News 24x7
2 Min Read

भभुआ। हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को समाहरणालय स्थित मां मुण्डेश्वरी सभागार में जिला पदाधिकारी कैमूर की अध्यक्षता में गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने हिंदी के व्यापक प्रयोग और सरकारी कामकाज में सरल भाषा के इस्तेमाल पर जोर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण सूत्र है। उन्होंने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों से सरकारी कार्यों में सरल, सुगम और मानक हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने कहा कि सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम लोगों तक आसानी से पहुंचे, इसके लिए कार्यालयी भाषा ऐसी होनी चाहिए जिसे सामान्य व्यक्ति भी सहजता से समझ सके। उन्होंने कार्यालयी टिप्पणियों और प्रारूप लेखन में अनावश्यक अंग्रेजी शब्दों तथा अत्यधिक कठिन तत्सम शब्दावली के प्रयोग से बचने की सलाह दी। इसके स्थान पर लोकप्रचलित और मानक हिंदी के इस्तेमाल पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त ने कहा कि हिंदी हमारी अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को आवश्यक बताया।

समारोह में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता समेत जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान हिंदी भाषा के महत्व और सरकारी कार्यों में इसके प्रभावी उपयोग को लेकर विचार साझा किए गए।

30
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *