मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के सेनुवरिया पंचायत स्थित अमवा बाजार की सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जलजमाव होने के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों अभय कुमार अरबिंद पटेल भोला साह मंतोष यादव रंजन यादव जयप्रकाश शाह ने बाताय है कि इस मार्ग से प्रतिदिन तीन चार हजार से अधिक लोग आवागमन करते हैं। सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि पैदल चलना तो दूर, साइकिल और बाइक से गुजरना भी काफी परेशानी भरा हो गया है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों और डिग्री कॉलेज की छात्राओं को उठानी पड़ रही है। सेनुवरिया स्थित राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय और डिग्री कॉलेज जाने के लिए यह प्रमुख मार्ग है। सड़क पर जमा गंदे पानी और कीचड़ के कारण विद्यार्थियों को कपड़े खराब होने के साथ-साथ फिसलने का डर बना रहता है। तस्वीर में भी सड़क की बदहाल स्थिति साफ दिखाई दे रही है, जहां बड़े-बड़े गड्ढों में पानी जमा है और लोगों को उसी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने तथा जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर कब तक छात्र-छात्राओं और आम लोगों को इस बदहाल सड़क की परेशानी झेलनी पड़ेगी।
33