असम में बेटे ने ही घर से उड़ाए 50 लाख रुपये: गर्लफ्रेंड पर लुटाया कैश और दिलाया आईफोन, पिता ने खुद पुलिस को सौंपा

Live News 24x7
3 Min Read

असम के जोरहाट जिले से एक हैरान कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी बेटे ने अपने ही घर के लॉकर पर हाथ साफ कर दिया। घर से करीब 50 लाख रुपये नकद और सोने के गहने चुराने वाले 25 वर्षीय युवक ने सारा पैसा अपनी गर्लफ्रेंड की ऐश-ओ-आराम और महंगे गिफ्ट्स पर लुटा दिया। जब पिता को इस बात की भनक लगी, तो उन्होंने खुद अपने बेटे को कानून के हवाले कर दिया।

घर का लॉकर तोड़कर गायब हुआ बेटा, अहमदाबाद में हुआ ट्रेस

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान यश धनुका अग्रवाल के रूप में हुई है। यश ने 11 अगस्त को उस समय चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया जब परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। उसने शातिर तरीके से घर का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे बिजनेस के कैश और ज्वैलरी लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद जब जोरहाट पुलिस और साइबर सिक्योरिटी सेल ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की, तो सर्विलांस के जरिए आरोपी यश का मोबाइल लोकेशन अहमदाबाद में ट्रेस हुआ। बेटे की करतूत का पता चलते ही पिता खुद अहमदाबाद पहुंचे, उसे पकड़कर वापस जोरहाट लाए और बिना किसी लाग-लपेट के पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

चोरी के पैसों से गर्लफ्रेंड पर खर्च किए लाखों, दिलाया आईफोन

मीडिया के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए आरोपी यश ने बताया कि उसने अपने दो साथियों जीतू सोमानी और रोहित प्रसाद के साथ मिलकर इस चोरी की पूरी साजिश रची थी। उसने स्वीकार किया कि उसने चुराए गए पैसों में से एक बड़ी रकम अपनी गर्लफ्रेंड पुबाली दत्ता पर खर्च की।

यश ने अपनी गर्लफ्रेंड को महंगे होटलों और रिसॉर्ट्स में घुमाया, उस पर करीब 5 लाख रुपये कैश लुटाए और उसके लिए डेढ़ लाख रुपये का महंगा आईफोन भी खरीदा। हालांकि, पुलिस का कहना है कि फिलहाल गर्लफ्रेंड को इस मामले में प्रत्यक्ष आरोपी नहीं बनाया गया है, लेकिन गहन पूछताछ और पैसों के ट्रेल की जांच के लिए उसे भी तलब किया जा सकता है।

साथियों की तलाश में जुटी पुलिस, दर्ज हुई FIR

परिवार ने पुलिस को बताया कि घर में रखा यह कैश उनके पारिवारिक बिजनेस के इस्तेमाल के लिए था, जिसकी पूरी जानकारी यश को पहले से थी। पुलिस ने यश अग्रवाल के अलावा उसके दोनों साथियों जितेंद्र सोमानी और रोहित प्रसाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। चोरी किए गए सोने और बाकी बचे पैसों को बरामद करने के लिए पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

39
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *