Live News 24×7 के लिए कैलाश गुप्ता।
मोतिहारी। आज जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी सहित नगर आयुक्त आशीष कुमार एवं सहायक समाहर्ता प्रिया रानी के साथ सदर प्रखंड स्थित गौरी शंकर विद्यालय का औचक निरीक्षण किया और बच्चों के बीच पहुँचकर उनसे संवाद स्थापित किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई-लिखाई, विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं एवं उनकी आकांक्षाओं को लेकर बातचीत की। वही उन्होंने कहा है जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि जिले का प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़े।

डीएम श्री जोरवाल ने यह भी बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिले के सभी सरकारी प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 15 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक जिले के सभी विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण एवं अनुश्रवण अभियान संचालित किया जाएगा।

इस अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, वर्ग कक्ष, चाहरदीवारी, विद्युत व्यवस्था, पंखा-बल्ब, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, जिम, आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास आदि की उपलब्धता की जाँच की जाएगी। साथ ही पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मध्याह्न भोजन योजना, प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा, लाभुक आधारित योजनाओं का क्रियान्वयन एवं Academic तथा Extra Curricular Activities की स्थिति का भी आकलन किया जाएगा।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में विद्यालयों को विभिन्न मदों में उपलब्ध करायी गई राशि के व्यय एवं क्रय की गई सामग्रियों की गुणवत्ता की भी समीक्षा की जाएगी। दिनांक 06 अप्रैल 2026 से सभी विद्यालय प्रातःकालीन सत्र में पूर्वाह्न 06:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक संचालित किए जाएँगे।

श्री जोरवाल ने कहा है कि सभी प्रतिनियुक्त निरीक्षी पदाधिकारी निर्धारित समयावधि में आवंटित विद्यालयों का निरीक्षण कर प्रतिदिन अपराह्न 05:00 बजे तक निरीक्षण प्रतिवेदन कार्यालय की गोपनीय शाखा में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। सभी पदाधिकारी अपने आवंटित विद्यालयों के निरीक्षण के साथ-साथ सभी निरीक्षी पदाधिकारियों के कार्यों का भी अनुश्रवण करेंगे। विद्यालयों में पाई जाने वाली कमियों के सुधार हेतु प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा प्रखंड स्तर पर समाधान संभव न होने पर मामला जिला स्तरीय कार्यालय को प्रतिवेदित किया जाएगा।
44
