खबर बिहार के मोतिहारी जिले की है जहां मोतिहारी में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की एक घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के अगरवा मोहल्ला में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है।
पीड़ित महिला की पहचान प्रमिला देवी के रूप में हुई है। उन्होंने नगर थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि वह सुबह दुकान से दूध लेकर अपने घर लौट रही थीं।
इसी दौरान गली में पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने अचानक उनके गले से सोने की चेन छीन ली। उन्होने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि वह संभल नहीं पाईं।
प्रमिला देवी ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की। इस दौरान एक बाइक सवार युवक ने भी उनकी मदद करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों अपराधी तेजी से भागने में सफल हो गए थे। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पीड़िता के आवेदन के आधार पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इस मामले में नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस पूरी गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
30
