Live News 24×7 के कैलाश गुप्ता।
मोतिहारी। समृद्धि यात्रा के क्रम में पूर्वी चंपारण जिला आए मुख्यमंत्री के द्वारा शीर्ष पदाधिकारीगण के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में जिला के विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा के पश्चात जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने संयुक्त रूप से मीडिया के साथ गांधी मैदान में प्रेस वार्ता की।
प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के द्वारा सर्वप्रथम जिला के कल्याणपुर अंचल के कैथवलिया में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर परिसर में सहस्त्र शिवलिंगम की स्थापना कार्यक्रम में शिरकत किया गया। इस अवसर पर पदाधिकारीगण को महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी श्री जोरवाल ने कहा कि इस संपूर्ण परिसर के चारदीवारी का प्रस्ताव शीघ्र ही बनाकर सरकार को भेजा जाएगा। इस संपूर्ण स्थल के विकास के लिए यहां पावर सब स्टेशन के निर्माण, संपर्क पथ तथा यहां पर एक अस्पताल के निर्माण का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि विराट रामायण मंदिर के पास स्थित छात्रावास का विस्तार कराया जाएगा।
वहीं मुख्यमंत्री के द्वारा मोतिहारी स्थित महिला आईटीआई कॉलेज परिसर में स्थित टाटा एक्सीलेंस सेंटर का निरीक्षण किया गया। यहां सभी उपकरणों/ सामग्रियों का अवलोकन किया गया तथा यहां की छात्राओं से बात कर जानकारी ली गई। इस एक्सीलेंस सेंटर के माध्यम से कई छात्राओं को बेहतर सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। यहां पर मुख्यमंत्री के कर कमलों द्वारा 138 करोड़ की लागत से कुल 30 योजनाओं का उद्घाटन तथा 34 करोड़ की लागत से कुल 40 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा मोतिहारी को कोटवा से जोड़ने वाले धनौती नदी पर निर्माणाधीन ब्रिज का भी निरीक्षण किया गया। वहीं जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया कि ब्रिज का 50% कार्य पूर्ण हो चुका है एवं इसका संपूर्ण कार्य इसके निर्माण के निर्धारित अवधि से सात माह पहले ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विगत 24 दिसंबर 2024 में की गई प्रगति यात्रा के दौरान जिला के लिए घोषित 12 योजनाओं के प्रगति का अवलोकन मुख्यमंत्री के द्वारा यहां पर किया गया।
जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया कि जिले में तीन ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इब्राहिमपुर में बूढ़ी गंडक नदी पर पुल का निर्माण कार्य, लाल बकेया नदी पर बलुआ गुआवरी पुल का निर्माण कार्य एवं बागमती नदी के दाएं तटबंध पर पक्की सड़क का निर्माण कार्य सहित चिरैया शांति चौक से पुरनहिया तक सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके साथ-साथ सीता कुंड एवं सोमेश्वर नाथ धाम के विकास का कार्य भी प्रारंभ हो गया है।
वहीं रक्सौल एयरपोर्ट के विस्तार के बारे में जिलाधिकारी ने बताया कि यहां पर 153 एकड़ जमीन पहले से अधिग्रहित है इसके अतिरिक्त 139 एकड़ जमीन का भू अर्जन किया जा रहा है जिसके लिए रैयतों के भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है और इसमें तेजी लाने का निर्देश प्राप्त हुआ है। एयरपोर्ट के विस्तार की निविदा प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी ताकि इसके निर्माण कार्य में विलंब नहीं हो।
उन्होंने कहा कि गांधी मैदान में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सात निश्चय पार्ट 3 अंतर्गत कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने का निर्देश प्राप्त हुआ। सात निश्चय पार्ट 3 योजना के सातवें कंपोनेंट “सबका सम्मान- जीवन आसान” अंतर्गत आम जन को सुविधा हो इसको लेकर सप्ताह में 2 दिन प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक सभी पदाधिकारी अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे एवं जनता से प्राप्त शिकायतों का समाधान करेंगे।
वहीं मीडिया को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा कि विराट रामायण मंदिर की सुरक्षा के लिए जल्द ही उसका निरीक्षण कर वहां एक थाना खोलने के का प्रस्ताव दो से तीन दिनों में सरकार को भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि आमजन के जीवन को आसान बनाने के लिए पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी भी प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे एवं जनता से प्राप्त आवेदन पर समुचित कार्रवाई करेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी को व्यवहार कुशल होने एवं शालीनता पूर्वक आमजन से व्यवहार करने के लिए निर्देश दिया जाएगा। जनता से प्राप्त शिकायते एक पंजी में दर्ज होगी एवं उसका लगातार अनुश्रवण किया जाएगा।
97
