कैमूर में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई। 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां से सभी को सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 100 की स्पीड में आ रही स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े कंटेनर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी में 10 लोग सवार थे। सभी उसमें ही फंस गए।
हादसा दुर्गावती थाना क्षेत्र के NH-19 पर छज्जूपुर पोखरे के पास हुआ है। टक्कर के बाद लोगों की भीड़ जुटी और NHAI की टीम और दुर्गावती थाना पुलिस को खबर की गई।
इधर, स्थानीय लोगों ने गाड़ी के किसी तरह से घायलों को निकलना शुरू किया। 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों में से 4 बेहोश हैं, उनकी हालत नाजुक है।
मृतकों की पहचान झारखंड निवासी मुस्लिम अंसारी (48), रोहतास निवासी मुन्ना अंसारी (45) और रजिया खातून (60) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में उमर अंसारी (70), फातिमा (15), हाजरा खातून (40), अशरफ अंसारी (30), अमीर अंसारी (12), नसीम अंसारी (45) और मुस्कान परवीन (42) शामिल हैं।
मृतकों के एक रिश्तेदार मंसूर आलम अंसारी ने बताया कि सभी लोग सासाराम थाना क्षेत्र के नेकरा गांव से उत्तर प्रदेश जा रहे थे। परिवार गरीब है। सरकार को मुआवजा देना चाहिए।
सभी अपने गांव से गुरुवार सुबह करीब 3 बजे निकले थे। घर से करीब 90 किमी की दूरी पर ये हादसा हुआ है।
दुर्गावती थाना के SI विजेंद्र कुमार ने बताया कि ‘स्कॉर्पियो सासाराम से यूपी की तरफ जा रही थी, तभी छज्जूपुर पोखरा के पास कंटेनर से टकरा गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हुई है और 7 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।’
76
