मोतिहारी : जिला कांग्रेस कमिटी पूर्वी चंपारण द्वारा बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्व. मोहम्मद हिदायतुल्ला खां की पुण्यतिथि आज जिला कांग्रेस कार्यालय, गांधी आश्रम में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। पुण्यतिथि कार्यक्रम की शुरुआत खां साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित नेताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें एक सरल, विनम्र, न्यायप्रिय और जनसेवक नेता बताया। वक्ताओं ने कहा कि मोहम्मद हिदायतुल्ला खां न केवल एक कुशल संगठनकर्ता थे, बल्कि वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर हमेशा मुखर रहते थे। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने राज्य में कई सामाजिक और राजनीतिक उपलब्धियां हासिल कीं। प्रवक्ता डॉ आशीष रंजन ने कहा कि खां साहब की राजनीतिक सूझ-बूझ, संगठनात्मक क्षमताएं और सामाजिक समरसता के लिए उनका योगदान आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खां साहब के जीवन से प्रेरणा लें और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लें। मौके पर धर्मेन्द्र कुमार ओझा ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया इस मौके पर विजय शंकर पांडे, विजय कुमार जायसवाल उर्फ मुनमुन जायसवाल, इकबाल जफिर, दिनेश कुमार जायसवाल, अमन चौबे, आकर्ष कुमार आदि लोग उपस्थित थे।
202
